Attack on Bihar Deputy CM: लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला,बढ़ा सियासी तनाव एसपी अजय कुमार पर उठे सवाल

बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण में लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ। पत्थरबाजी और कीचड़ फेंकने की घटना के बाद उन्होंने एसपी अजय कुमार पर लापरवाही का आरोप लगाया।

vijay sinha attack lakhisarai ips ajay kumar sp profile bihar election

Vijay Sinha attack Lakhisarai SP Ajay Kumar Bihar election 2025:  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच लखीसराय में राजनीतिक माहौल गरमा गया। यहां भाजपा उम्मीदवार और राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर अचानक हमला हो गया। इस दौरान भीड़ ने पत्थर, कीचड़, गोबर और जूते-चप्पल फेंके। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई।

कौन हैं लखीसराय के एसपी अजय कुमार?

इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं आईपीएस अजय कुमार, जिन पर उपमुख्यमंत्री ने सीधे सवाल उठाए हैं। सरकारी वेबसाइट ips.gov.in के मुताबिक, अजय कुमार मूल रूप से बिहार के ही रहने वाले हैं। उनका जन्म 5 दिसंबर 1972 को हुआ था और उन्होंने प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। वे पहले राज्य पुलिस सेवा (SPS) में कार्यरत थे और अपनी मेहनत के दम पर आईपीएस में प्रमोशन पाया।

आईपीएस के रूप में उनकी आधिकारिक नियुक्ति 22 दिसंबर 2023 को हुई थी, जबकि लखीसराय में एसपी के रूप में उनकी पोस्टिंग 15 अक्टूबर 2024 को की गई। वे जिले के 33वें पुलिस अधीक्षक हैं। हालांकि अब इस हमले के बाद उनकी भूमिका और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हमले की पूरी कहानी,रामगढ़ चौक में हंगामा

पहले चरण की वोटिंग के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा अपने निर्वाचन क्षेत्र के रामगढ़ चौक थाना इलाके के खोरीयारी गांव में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान बूथ संख्या 404 और 405 के पास कुछ लोगों ने उनके काफिले पर अचानक हमला कर दिया।

हमलावरों ने न सिर्फ पत्थर फेंके, बल्कि कीचड़ और गोबर से भी निशाना साधा। सिन्हा के अनुसार, यह हमला राजद (RJD) समर्थकों ने किया, जो बूथ पर अतिपिछड़े वोटरों को डराने की कोशिश कर रहे थे।

घटना के बाद विजय सिन्हा धरने पर बैठ गए और आरोप लगाया कि यह सब पुलिस की मौन सहमति से हो रहा है। बाद में मौके पर पहुंचे एसपी अजय कुमार और जिलाधिकारी ने उन्हें तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।

विजय सिन्हा का गुस्सा — “एसपी कमजोर और निकम्मे हैं”

घटना के बाद विजय सिन्हा ने मीडिया से कहा कि “हमारी ही सरकार की पुलिस इतनी असहाय कैसे हो सकती है?” उन्होंने एसपी अजय कुमार को कायर और कमजोर अधिकारी बताया। सिन्हा ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी घटनाएं दोहराई गईं, तो आरजेडी समर्थकों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग जानबूझकर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे।

चुनाव आयोग और डीजीपी की सख्ती

इस मामले को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लिया है। डीजीपी ने तुरंत रिपोर्ट मांगी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लखीसराय में अब अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

राजनीतिक बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और चुनाव आयोग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Exit mobile version