N95 Mask और Air Pollution: जैसे-जैसे सर्दी बढ़ रही है, वैसे-वैसे देश के कई बड़े शहरों में हवा की हालत भी बिगड़ती जा रही है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे महानगरों में धुआं, धूल और जहरीले कण हवा में तेजी से बढ़ रहे हैं। सुबह और शाम के समय सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि N95 मास्क हमारी सेहत के लिए कितना जरूरी हो सकता है।
AQI मीटर पर किया आसान प्रयोग
इस वायरल वीडियो में एक शख्स हवा की गुणवत्ता जांचने वाली मशीन यानी AQI मीटर से एक छोटा सा प्रयोग करता है। सबसे पहले वह मशीन को खुली हवा में रखकर जांच करता है। मीटर पर AQI का आंकड़ा 191 से 192 के बीच दिखाई देता है। वह व्यक्ति समझाता है कि करीब 200 AQI का मतलब है कि हवा साफ नहीं है और लंबे समय तक सांस लेना नुकसानदायक हो सकता है।
इसके बाद वह शख्स एक N95 मास्क निकालता है और AQI मीटर के पीछे वाले हिस्से को पूरी तरह ढक देता है, जहां से मशीन हवा खींचती है। मास्क लगते ही कुछ ही सेकंड में मशीन पर दिख रहा AQI तेजी से गिरने लगता है। थोड़ी ही देर में आंकड़ा 35 से 37 के बीच पहुंच जाता है। यानी मशीन को अब हवा काफी साफ लगने लगती है। वीडियो में आगे वह व्यक्ति मास्क को हटाता है और मशीन को फिर से खुली हवा में छोड़ देता है। जैसे ही मास्क हटता है, AQI का नंबर तेजी से बढ़कर फिर से 200 के आसपास पहुंच जाता है। यह नजारा देखकर वीडियो देखने वाले लोग हैरान रह जाते हैं। एक साधारण से प्रयोग ने बहुत ही साफ तरीके से दिखा दिया कि N95 मास्क हवा में मौजूद बारीक और जहरीले कणों को काफी हद तक रोक सकता है।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने लिखा कि यह प्रयोग आंख खोलने वाला है और N95 मास्क की जरूरत को साफ दिखाता है। कुछ लोगों का कहना है कि अगर मास्क एक मशीन को इतनी साफ हवा दिखा सकता है, तो इंसान के फेफड़ों को भी काफी हद तक सुरक्षित रख सकता है। वहीं कई लोग इस फर्क को देखकर पूरी तरह चौंक गए।
किस इंस्टाग्राम अकाउंट से हुआ शेयर
यह वीडियो Aneesh Bhasin नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है। अब तक लाखों लोग इसे देख चुके हैं और हजारों लोगों ने इसे लाइक और शेयर किया है। कुल मिलाकर, यह वीडियो लोगों को यह समझाने में सफल रहा है कि बढ़ते प्रदूषण के दौर में N95 मास्क सिर्फ एक विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बनता जा रहा है।
