NPS Swasthya: पेंशन फंड रेगुलेटर PFRDA ने NPS Swasthya को लेकर नई गाइडलाइन्स जारी की हैं। इस योजना में रिटायरमेंट के लिए NPS निवेश के साथ सुपर टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा मिलेगी। नए नियमों के तहत इस हेल्थ इंश्योरेंस कवर को लेना जरूरी होगा। नियम तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
पति-पत्नी और दो बच्चों को मिलेगा कवर
NPS Swasthya को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला NPS इन्वेस्टमेंट अकाउंट और दूसरा सुपर टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस अकाउंट होगा। NPS में शामिल होने के पात्र व्यक्ति इस विकल्प को चुन सकते हैं। फैमिली फ्लोटर पॉलिसी में पति या पत्नी और दो बच्चों को कवर मिलेगा, जबकि माता-पिता इस स्टैंडर्ड कवर में शामिल नहीं होंगे।
₹1,000 से शुरू होगा अकाउंट
खाता शुरू करने के लिए सालाना हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम के अलावा ₹200 का सालाना मेंटेनेंस चार्ज और कम से कम ₹1,000 का शुरुआती निवेश करना होगा। इसके बाद ₹10 से भी योगदान जारी रखा जा सकता है। पेंशन फंड कॉर्पस पर सालाना अधिकतम 0.08% चार्ज ले सकता है। इसमें 18 से 70 साल तक एंट्री और 85 साल तक इंश्योरेंस रिन्यूअल का विकल्प है।
₹30 लाख तक का हेल्थ कवर
डिडक्टिबल के आधार पर अलग-अलग कवर मिलेंगे। ₹10,000 डिडक्टिबल पर ₹1 लाख, ₹50,000 पर ₹5 लाख, ₹1 लाख पर ₹10 लाख और ₹3 लाख डिडक्टिबल पर ₹30 लाख तक का फैमिली फ्लोटर कवर उपलब्ध होगा।
इलाज के लिए 25% तक निकासी
अस्पताल और इलाज से जुड़े खर्चों के लिए कुल जमा योगदान का 25% तक निकाला जा सकेगा। इसके लिए वेटिंग पीरियड या निकासी की तय संख्या नहीं होगी। रकम सीधे खाताधारक को देने के बजाय अस्पताल या हेल्थकेयर सेंटर को भुगतान की जाएगी। प्रीमियम न भरने पर 90, 60 और 30 दिन पहले अलर्ट भेजे जाएंगे। ग्रेस पीरियड खत्म होने के बाद कवर बंद होकर अकाउंट सामान्य All Citizen Model में ट्रांसफर हो जाएगा।







