SpaceX Mega IPO : दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स जल्द ही अपना बहुप्रतीक्षित आईपीओ ला सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी करीब 1.75 ट्रिलियन डॉलर के वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। अगर ऐसा होता है, तो स्पेसएक्स का बाजार मूल्य दुनिया के कई बड़े देशों की अर्थव्यवस्था से भी बड़ा हो जाएगा।
मौजूदा समय में दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 1.93 ट्रिलियन डॉलर माना जाता है, जबकि तुर्की की जीडीपी करीब 1.64 ट्रिलियन डॉलर है। ऐसे में स्पेसएक्स का संभावित मूल्यांकन तुर्की की पूरी अर्थव्यवस्था से भी अधिक हो सकता है।
कंपनी के पास जाएगा पूरा पैसा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह आईपीओ पूरी तरह नए शेयरों के जरिए लाया जा सकता है। इसका मतलब है कि इससे जुटाई गई पूरी रकम सीधे कंपनी के पास जाएगी। मौजूदा निवेशक और शेयरधारक इस ऑफर में अपने शेयर नहीं बेच पाएंगे। सूत्रों के अनुसार, कंपनी शुरुआती चरण में कम से कम 75 बिलियन डॉलर जुटाने की तैयारी कर रही है। साथ ही 15 प्रतिशत का ग्रीनशू ऑप्शन भी रखा जा सकता है, जिससे जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त शेयर जारी किए जा सकें।
क्यों खास माना जा रहा है यह आईपीओ
आमतौर पर बड़े आईपीओ में पुराने और नए दोनों तरह के शेयर शामिल होते हैं। लेकिन स्पेसएक्स का प्रस्तावित आईपीओ केवल नए शेयरों पर आधारित हो सकता है। इससे कंपनी को अपने विस्तार और भविष्य की परियोजनाओं के लिए बड़ी पूंजी मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आईपीओ निवेशकों को अंतरिक्ष तकनीक, सैटेलाइट इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में निवेश का बड़ा अवसर देगा।
स्टारलिंक बना कंपनी की ताकत
स्पेसएक्स के कई कारोबार अभी भी विकास के चरण में हैं, लेकिन उसका स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट नेटवर्क लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रहा है। इसे कंपनी का सबसे कमाऊ और मजबूत कारोबार माना जा रहा है। कंपनी भविष्य में अंतरिक्ष आधारित डेटा सेंटर, उन्नत सैटेलाइट नेटवर्क और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है। हाल ही में स्पेसएक्स का एलन मस्क के एआई स्टार्टअप xAI के साथ विलय भी चर्चा में रहा।
आय बढ़ी, लेकिन घाटा भी बढ़ा
मार्च में समाप्त तिमाही के दौरान कंपनी की आय बढ़कर 4.69 बिलियन डॉलर पहुंच गई, जो एक साल पहले 4.07 बिलियन डॉलर थी। हालांकि इसी दौरान कंपनी का घाटा भी बढ़ा है।
पूरे साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो कंपनी का राजस्व बढ़ा है, लेकिन भारी निवेश और विस्तार योजनाओं के कारण मुनाफे की जगह नुकसान दर्ज किया गया है।
निवेशकों के लिए क्यों अहम है यह मौका
विश्लेषकों का मानना है कि स्पेसएक्स का आईपीओ केवल कंपनी में निवेश का मौका नहीं होगा, बल्कि यह एलन मस्क के भविष्य के विजन पर भी दांव लगाने जैसा होगा। कंपनी का लक्ष्य नैस्डैक पर “SPCX” टिकर के तहत सूचीबद्ध होना है। अगर यह आईपीओ सफल रहता है, तो इसे दुनिया के इतिहास के सबसे बड़े और चर्चित आईपीओ में गिना जा सकता है।








