UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अप्रैल महीने में भीषण गर्मी का नया रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो वर्ष 1951 के बाद अब तक का सबसे अधिक है। इससे पहले 25 अप्रैल 2026 और 30 अप्रैल 2022 को 47.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था, लेकिन इस बार पारा 0.2 डिग्री और ऊपर चला गया। देश के सबसे गर्म शहरों में भी बांदा शीर्ष पर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिसकी ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी तक फैली है। इसके चलते पुरवा हवाएं चल रही हैं, जिससे बुंदेलखंड को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में करीब चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर भी अब दिखने लगा है।
राहत के साथ बढ़ी उमस
लखनऊ समेत मध्य और पूर्वी यूपी के कई जिलों में पुरवा हवा ने गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन नमी बढ़ने से उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। राजधानी लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले से तीन डिग्री कम था। हालांकि हवा में नमी 15 प्रतिशत से बढ़कर 31 प्रतिशत हो गई, जिससे पंखे और कूलर भी बेअसर नजर आए।
अन्य जिलों का हाल
आगरा में सोमवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं 60 प्रतिशत उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। प्रयागराज में भी तापमान 44.2 डिग्री रहा, हालांकि इसमें 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वाराणसी में पुरवा हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत मिली। वहीं गोरखपुर में ठंडी हवाओं के चलते तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी की भी संभावना है।
सरकार की एडवाइजरी
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने स्कूलों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। छात्रों के लिए ओआरएस, ग्लूकोज, इलेक्ट्रोलाइट्स और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।








