Weather Update: गर्मी का कहर जारी, 45°C के पार पहुंचा पारा, 9 राज्यों में हीटवेव का येलो अलर्ट, इन इलाकों में बारिश देगी राहत

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का असर जारी है। दिल्ली समेत 10 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी है। कई जगह तापमान 45 डिग्री पार, जबकि कुछ राज्यों में भारी बारिश और उमस भरे मौसम की चेतावनी दी गई है।

North India Heatwave Alert

Weather Update: कई हिस्सों में गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। भीषण लू और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। घरों के अंदर एसी और कूलर थोड़ी राहत दे रहे हैं, लेकिन बाहर निकलना खतरनाक साबित हो रहा है।

दिल्ली में 22 अप्रैल से हीटवेव का येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली में फिलहाल अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम साफ रहने के कारण धूप और अधिक तीखी महसूस हो रही है। 21 अप्रैल को भी स्थिति लगभग ऐसी ही रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 22 से 24 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। 25 अप्रैल से हल्की राहत मिलने के संकेत हैं।

इन राज्यों में लू का अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की प्रबल संभावना है:
19-20 अप्रैल
पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़
19-23 अप्रैल
पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश
20-21 अप्रैल
झारखंड
20-22 अप्रैल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश
20-23 अप्रैल
पश्चिमी राजस्थान
21-23 अप्रैल
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा
इन इलाकों में तेज गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।

दक्षिण और पूर्वी भारत में गर्म व आर्द्र मौसम

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। 19-20 अप्रैल को केरल और माहे में, 19 से 23 अप्रैल के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में गर्मी और नमी बढ़ेगी। वहीं 20 से 25 अप्रैल के बीच पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र में भी उमस भरी गर्मी का असर रहेगा।

कुछ राज्यों में भारी बारिश की संभावना

जहां एक ओर देश का बड़ा हिस्सा गर्मी से जूझ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर भारत में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 21 अप्रैल के बीच असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है।

तापमान में और बढ़ोतरी के आसार

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 18 से 24 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक और बढ़ सकता है। इससे गर्मी का असर और अधिक तेज होगा।

बचाव बेहद जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। पर्याप्त पानी पीते रहें और हल्के कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

आने वाले दिनों में क्या रहेगा हाल

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 25 अप्रैल के बाद कुछ इलाकों में आंशिक राहत मिलने की संभावना है।

Exit mobile version