UP Weather Alert Rain Storm: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम अचानक बदल गया है। शुक्रवार सुबह से ही कई जिलों में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।
इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर, देवरिया, गोरखपुर और संतकबीरनगर में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
वहीं प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, सुल्तानपुर, महाराजगंज और कुशीनगर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।
किसानों की बढ़ी चिंता
अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जालौन समेत कई जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि से रबी फसलों को नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। खेतों में कटी हुई गेहूं की फसलें बारिश और ओलों से प्रभावित हो सकती हैं। किसान अपनी फसल को सुरक्षित करने के लिए उसे समेटने और ढकने में जुटे हैं।
रायबरेली में ओलावृष्टि
रायबरेली जिले के डीह क्षेत्र में शाम के समय बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। दिनभर बादल और धूप के बीच आंख-मिचौली चलती रही।
हापुड़ में सुहाना हुआ मौसम
हापुड़ में शनिवार सुबह घने बादल छा गए और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि दोपहर में धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहाना बना रहा।
हरदोई में बिजली गिरने से मौत
हरदोई जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। खेत में काम कर रहे किसान मुरारी अचानक बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से परिवार में शोक की लहर है।
आगे भी रहेगा मौसम अस्थिर
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जारी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट और किसानों की चिंता दोनों बढ़ सकती हैं।
