Weather Update:दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में बदला मौसम,तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम ने करवट ली है। कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

Weather Update

Delhi NCR Weather Update:दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। 26 मार्च को आई आंधी और बारिश के बाद अब 27 मार्च को भी कई राज्यों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखा जा रहा है।

 कई राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आंधी, बारिश और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली और चंडीगढ़ में 27 और 28 मार्च को, पंजाब में 27 और 28 मार्च को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 मार्च को बारिश के आसार हैं।
राजस्थान में 28 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, वहीं पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 26-27 मार्च के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

27 मार्च को दिल्ली में घने बादलों के बीच हल्की बारिश हो सकती है। दोपहर के बाद मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है, जिसमें तेज हवाएं, बिजली चमकना और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने तूफानी हवाओं के साथ मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाएं

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है। साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

28 से 31 मार्च तक फिर बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 31 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उत्तर भारत के कई हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 29 और 30 मार्च को बारिश के आसार हैं।

 सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों से दूर रहने और जरूरी एहतियात बरतने की अपील की गई है।

Exit mobile version