UP Heatwave 2026:उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। बीते एक हफ्ते में अधिकतम तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सुबह से ही आसमान साफ रहता है और जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, गर्मी और अधिक तीखी हो जाती है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल को भी प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। फिलहाल किसी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। सभी जिले ग्रीन जोन में हैं, लेकिन 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ, नोएडा और आगरा में बढ़ी तपिश
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नोएडा, मेरठ और गाजियाबाद में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
वहीं आगरा में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है और दिनभर तेज धूप का सिलसिला जारी रहेगा।
बांदा बना सबसे गर्म जिला
बीते 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और सुल्तानपुर में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया है।
पूर्वांचल के आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, बस्ती, मिर्जापुर और बलिया में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
अगले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
