Weather Update: यूपी में मौसम का लगातार बदलता खेल, बारिश, बादल, धूप के बीच तापमान में गिरावट

पश्चिमी यूपी और वाराणसी समेत कई जिलों में मौसम तेजी से बदल रहा है। बारिश, बादल और धूप के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि अगले 24 घंटे में फिर हल्की बारिश की संभावना है।

UP Weather Update March Rain Alert

Weather Update:पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदल रहा है। सोमवार सुबह से ही हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो करीब 11:30 बजे तक जारी रहा। बारिश के साथ 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई और गर्मी का असर लगभग खत्म हो गया।

दोपहर तक आसमान घने बादलों से ढका रहा, लेकिन बाद में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज धूप निकल आई। इस बदलाव ने लोगों को एक ही दिन में कई तरह के मौसम का अनुभव करा दिया।

 तापमान में गिरावट, सामान्य से 8 डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान

मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ देखने को मिला। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 8 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा।
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे हल्की ठंड का एहसास भी बढ़ गया।

अगले 24 घंटे में फिर बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले 24 घंटों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। इस दौरान बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।

 वाराणसी में देर रात बूंदाबांदी, तापमान में हल्की गिरावट

वहीं वाराणसी समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी देखने को मिली, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
यहां अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा।

अगले तीन दिन का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।
मंगलवार: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 19°C
बुधवार: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 20°C
हालांकि, मौसम में हल्के बदलाव की संभावना बनी रहेगी, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version