Gurugram News:हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित Joyville Society से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक स्कूल संचालक ने अपनी 2 साल की मासूम बेटी के साथ 23वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।
मंगलवार सुबह हुई इस घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। गिरने की तेज आवाज सुनकर सिक्योरिटी गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दोनों को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता और बेटी दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पार्क के बहाने ले गया, दूसरे टावर से लगाई छलांग
मृतक की पहचान राहुल विजयरण के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी नीतू दहिया और छोटी बेटी वामिका के साथ टावर-9 के फ्लैट नंबर 305 में रहते थे। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय नीतू घर में खाना बना रही थीं, जबकि राहुल अपनी बेटी को पार्क घुमाने के बहाने नीचे ले गया था। लेकिन वह पार्क में जाने के बजाय सोसाइटी के टावर-5 की 23वीं मंजिल पर पहुंच गया और वहीं से छलांग लगा दी।
घटना के बाद पत्नी नीतू मौके पर पहुंची तो पति और बेटी को गंभीर हालत में पाया। इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
कोरोना के बाद आंखों की रोशनी गई, डिप्रेशन में था पिता
जानकारी के अनुसार, राहुल अपनी पत्नी के साथ दिल्ली के किराड़ी इलाके में एक स्कूल चलाते थे। उनके भाई अमित विजयरण ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बाद राहुल की आंखों की रोशनी पर गंभीर असर पड़ा था। एक आंख की रोशनी पूरी तरह जा चुकी थी, जबकि दूसरी आंख से भी उन्हें बहुत कम दिखाई देता था। इस कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में रह रहे थे।
परिजनों ने किसी तरह की शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है और राहुल की मानसिक स्थिति को ही घटना का कारण बताया है। हालांकि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस जांच में उठे कई सवाल
जांच अधिकारियों के सामने दो बड़े सवाल हैं—राहुल अपने टावर के बजाय दूसरे टावर में क्यों गया, और अगर वह तनाव में था तो उसने अपनी मासूम बेटी को साथ क्यों लिया। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, ताकि इस दुखद घटना की असली वजह सामने आ सके।








