Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में महिला सिविल जज के साथ छेड़छाड़ करने के आरोपी वकील हारून को 36 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी वकील महिला सिविल जज को व्हाट्सएप पर अभद्र मैसेज भेजने के अलावा इवनिंग वॉक के दौरान उनका पीछा करता था. इस घटना के बाद हमीरपुर बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता की सदस्यता की रद्द कर दी है. महिला जज ने कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज कराया था.
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में नियुक्त सिविल जज के फोन पर अधिवक्ता हारून काफी समय से मैसेज भेज रहा था. महिला जज ने कई बार मैसेज भेजने को लेकर आपत्ति जताई थी, लेकिन अधिवक्ता नहीं माना. इसके बाद कोतवाली में अधिवक्ता हारून के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी.
उपलब्ध कराये स्क्रीन शॉट
शिकायत में जज ने अधिवक्ता द्वारा किये गए मैसेजों के स्क्रीन शॉट भी उपलब्ध कराये हैं जिसपर सदर कोतवाली पुलिस ने बिना देरी किये छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिवक्ता द्वारा कई बार मेसेज भेजने के बाद जज ने अधिवक्ता से उसका नाम पूछा है और चेतावनी दी है की दोबारा मेरे पीछे पीछे चलने या मैसेज करने की कोशिश की तो शिकायत की जायेगी. इसके बाद भी जब अधिवक्ता नहीं माना तो जज ने अधिवक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है.
एएसपी ने इस मामले पर क्या कहा
एएसपी हमीरपुर अनूप कुमार ने बताया कि, हमारे स्थानीय ज्यूडिशियल अधिकारी द्वारा एक मामला दर्ज कराया गया है जिसमें आरोप लगाया गया है कि वो जहां भी जा रही हैं एक वकील उनका लगातार पीछा कर रहा है. उनकी एप्लीकेशन प्राप्त होने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया है और इसमें साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं. इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





















