सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में काजी तौकीर अपने अंदाज और खेल से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। अब उन्हें जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का भी समर्थन मिल गया है। उमर अब्दुल्ला ने एक पॉडकास्ट में काजी की जमकर तारीफ की और कहा कि मौका मिला तो वह उनके लिए वोट भी करेंगे। मुख्यमंत्री को उम्मीद है कि काजी इस बार बिग बॉस की ट्रॉफी जम्मू-कश्मीर लेकर आएंगे।
उमर ने की काजी की तारीफ
उमर अब्दुल्ला ने पॉडकास्ट के दौरान कहा कि वह काजी तौकीर को पहले से जानते हैं। उन्होंने काजी को कॉन्सर्ट में गाते हुए देखा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, काजी अच्छा गाते हैं और पहले भी एक रियलिटी शो जीत चुके हैं। उन्होंने बताया कि काजी ने उस शो में अरिजीत सिंह को हराकर जीत हासिल की थी।
उमर ने यह भी कहा कि उन्होंने अखबारों में काजी के बारे में पढ़ा है। बिग बॉस के घर में उनके साथ होने वाले झगड़ों और गतिविधियों की जानकारी भी उन्हें है। मुख्यमंत्री ने काजी के खेल की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
ट्रॉफी की उम्मीद क्यों?
उमर अब्दुल्ला ने काजी की सफलता को जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य ने क्रिकेट में रणजी ट्रॉफी जीती है। अब उन्हें उम्मीद है कि काजी तौकीर बिग बॉस की ट्रॉफी जीतकर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अगर उन्हें मौका मिला तो वह काजी के लिए वोट जरूर करेंगे। उनके इस बयान के बाद काजी को मिलने वाला समर्थन चर्चा में आ गया है।
सलमान की फटकार का भी जिक्र
पॉडकास्ट में उमर अब्दुल्ला ने शो के उस घटनाक्रम का भी जिक्र किया, जब काजी तौकीर को सलमान खान की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। दरअसल, काजी ने मजाक-मस्ती के दौरान स्काउट के कान में थूक दिया था। इस हरकत पर सलमान खान ने उन्हें जमकर फटकार लगाई थी।
उमर ने इस घटना का जिक्र करते हुए काजी के शो में बिताए पलों और उनके व्यवहार पर भी बात की।
फिलहाल कैसा है काजी का गेम?
बिग बॉस के घर में पिछले कुछ समय से स्काउट और लव गिल के बीच विवाद चर्चा में रहा है। इस वजह से काजी तौकीर को उतनी सुर्खियां नहीं मिल पाई हैं। हालांकि, वह शांत रहकर अपना खेल जारी रखे हुए हैं।
स्काउट के साथ विवाद के दौरान लव गिल को समझाने में भी काजी ने अहम भूमिका निभाई थी। उनके इसी अंदाज और खेल को लेकर सलमान खान भी उनकी तारीफ कर चुके हैं।
अब मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के समर्थन के बाद काजी के प्रशंसकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। देखना दिलचस्प होगा कि क्या काजी इस समर्थन को वोटों में बदल पाएंगे और बिग बॉस की ट्रॉफी अपने नाम कर पाएंगे।














