Weather Update : दिल्ली और एनसीआर में आज सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तड़के हुई बारिश ने शहर के वातावरण को ठंडा और तरोताजा कर दिया। सुबह की शुरुआत हल्की बारिश से हुई, जिसकी भविष्यवाणी मौसम विभाग ने पहले ही कर दी थी। इसके बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं। हालांकि, बारिश के बाद कोहरे की संभावना कम हो गई है। दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में ठंड अभी भी चरम पर है। आइए जानते हैं देशभर में आज का मौसम कैसा रहेगा।
कैसा है दिल्ली का मौसम ?
आज सुबह दिल्ली में हुई बारिश ने मौसम को और खुशनुमा बना दिया। हल्की बारिश का सिलसिला कुछ देर तक चलता रहा, जिससे राजधानी और आसपास के क्षेत्र भीग गए। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में एक-दो बार हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
17 और 18 जनवरी को राजधानी में मध्यम कोहरा छाने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पंजाब और हरियाणा में आज मौसम को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। पंजाब में घने कोहरे के कारण आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो 17 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है। वहीं, 18 और 19 जनवरी को राज्य के कई इलाकों में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट रहेगा। हरियाणा में भी लगभग ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। आज घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है, जबकि कल यानी 17 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और 18-19 जनवरी को येलो अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में आज मध्यम कोहरा छाया रहेगा।
यूपी समेत अन्य राज्यों के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 16 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें : सैफ अली खान पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में लीलावती अस्पताल में भर्ती…
राजस्थान की बात करें तो बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में आज बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि की भी संभावना है। बिहार में घने कोहरे का असर बना रहेगा। पटना, अरवल, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, सिवान, सारण, नालंदा और गोपालगंज जैसे जिलों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।