लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें तेज रफ्तार से कार हाईवे पर दौड़ रही होती है। कार के अंदर एक महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ होती है। जबकि बोनट पर महिला का पति लटका होता है। कई कई किलोमीटर बाद किसी तरह कार को रोका गया। इसके बाद युवक और लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। इसबीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने कार को ट्रेस कर चालक को दबोचते हुए कार भी कब्जे में ले ली।
पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद
जानकारी के मुताबिक बिलारी क्षेत्र में रहने वाले युवक की शादी उसी क्षेत्र के दूसरे गांव में रहने वाली युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी में विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी अलग रहने लगी। बुधवार की रात पति कटघर क्षेत्र में घूम रहा था। उसने देखा कि उसकी पत्नी एक कार में बैठी है। वह कार रोकने के लिए बोनट पर लेट गया। इसके बाद चालक ने दौड़ा दी। चालक मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर कार ले गया और करीब पांच किलोमीटर तक दौड़ाता रहा। अन्य वाहन चालकों ने कार रुकवाने की कोशिश की लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।
फिर रोकी गई कार, बची युवक की जान
इसी बीच कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा रहा कि युवक बोनट को पकड़े हुए कार पर लेटा है। लोग शोर मचा रहे हैं कि कार रोक लो युवक जान जा सकती है लेकिन कार चालक गाड़ी को भगाता है। करीब पांच किलोमीटर चलने के बाद एक वाहन चालक ने ओवरटेक कर कार के आगे गाड़ी लगा दी। तब आरोपी चालक ने कार रोकी। इसके बाद युवक की जान बच सकी। इसके बाद युवक और कार चालक अपने-अपने घर चले गए। बाद में पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया।
पुलिस को नहीं मिली तहरीर
पुलिस ने कार को कटघर थाने ले जाकर सभी पक्षों को बुलाया गया। हालांकि पीड़ित युवक ने किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया किएसपी सिटी ने बताया कि कार ट्रेस कर ली गई है। कार चालक कुंदरकी क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़ित युवक ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इनसब के बीच पति-पत्नी और वो का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग अपने-अपने कमेंट लिखने के साथ ही चालक और महिला पर एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग कर रहे हैं।