Republic Day weather: मौसम विभाग ने Republic Day के दिन भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर भारत में ठंड का असर कम हो गया है, लेकिन 26 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में ठंड फिर लौट सकती है। विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। दिल्ली में 26 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा। उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। वहीं, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरे और ठंड का असर जारी रहेगा। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से पर्यटक आनंद उठा रहे हैं।
दिल्ली और उत्तर भारत का हाल
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में Republic Day के दिन सुबह और शाम हल्का कोहरा रह सकता है। दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, जबकि रात में यह 7 डिग्री तक गिर सकता है। उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर रहेगा। अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने 29 और 30 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में फिर से बर्फबारी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे ठंड और बढ़ने की संभावना है। हिमाचल के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट होगी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम जैसे इलाकों में 26 जनवरी तक घने कोहरे का असर बना रहेगा। खासतौर पर गंगा के मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम हो सकती है। ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कोहरे का प्रभाव रहेगा।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर सुबह और रात में यात्रा करने से बचने की हिदायत दी गई है। पहाड़ी इलाकों में जाने वाले पर्यटकों को बर्फबारी के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।