UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। पहाड़ों से आ रही तेज हवाओं के चलते राज्य का तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। हालात यह हैं कि दिन में धूप के बावजूद शाम और रात के समय ठंडक महसूस की जा रही है। हालांकि मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक यह ठंड ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है क्योंकि 9 मार्च से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होने जा रहा है जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
फिलहाल यूपी में साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग (UP Weather Update) के अनुसार 8 मार्च को प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंडक बनी रहेगी। राज्य के सभी 75 जिले ग्रीन जोन में रहेंगे यानी मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। 9, 10 और 11 मार्च को भी मौसम शुष्क रहेगा लेकिन इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।
9 मार्च से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 9 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाने लगेंगे। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि तेज बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
यह भी पढ़े: ‘अयोध्या, काशी के बाद अब है मथुरा की बारी..’ बरसाना में CM योगी का बड़ा ऐलान
फिर बढ़ेगा तापमान, होली से पहले होगी गर्मी तेज
प्रदेश में दो दिन की ठंडक के बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अगले 5 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उछाल आने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है जबकि न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
झांसी सबसे गर्म.. फुर्सतगंज सबसे ठंडा
शुक्रवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं फुर्सतगंज प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 9 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्की बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन बारिश की संभावना कम है। होली के नजदीक आते-आते गर्मी बढ़ने लगेगी और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।