Home Guard Job: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने 44,000 पदों पर होमगार्ड की भर्ती के लिए नियमावली तैयार कर ली है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद यह प्रक्रिया शुरू होगी। पहले चरण में करीब 22,000 होमगार्ड भर्ती किए जाएंगे, जिसमें 20% पदों पर महिलाओं को आरक्षण दिया जाएगा।
मंजूरी के लिए शासन को भेजी गई नियमावली
कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती का ऐलान किया था लेकिन अब तक इसकी नियमावली नहीं थी। सीएम के निर्देश पर होमगार्ड मुख्यालय ने नई नियमावली तैयार की, जिसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) को शामिल करने का प्रस्ताव है। यह नियमावली शासन की मंजूरी के लिए भेज दी गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए स्वतंत्र भर्ती बोर्ड गठित करने की सिफारिश की गई है। साथ ही होमगार्ड जवानों को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित करने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नियमों को भी नियमावली में जोड़ा गया है। होमगार्ड में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों की बढ़ती संख्या के कारण इस भर्ती को जल्द पूरा करना जरूरी हो गया है।
यह भी पढ़े: सरकारी नौकरी के लिए पति का ‘कत्ल’, बिजनौर में एक और ‘मुस्कान’ गिरफ्तार
महिलाओं के लिए सुनहरा अवसर
यह भर्ती युवाओं, खासकर महिलाओं के लिए सुनहरा अवसर है। लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को पहले से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। नियमावली की मंजूरी के बाद आधिकारिक अधिसूचना (Home Guard Job) जारी होगी, जिसमें आवेदन प्रक्रिया और पात्रता की विस्तृत जानकारी मिलेगी। उत्तर प्रदेश सरकार का यह कदम राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उम्मीदवारों को नियमित रूप से होमगार्ड विभाग की वेबसाइट पर अपडेट्स चेक करने की सलाह दी जाती है।