India Bloc VP Candidate: एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बना दिया है, लेकिन विपक्षी India Bloc ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। आज दोपहर 12:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होने वाली अहम बैठक में गठबंधन के शीर्ष नेता उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर अंतिम मुहर लगा सकते हैं। यह चुनाव सिर्फ सत्ता की जंग नहीं बल्कि विपक्ष इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई के तौर पर पेश करना चाहता है। ऐसे में उम्मीदवार का नाम भी वैचारिक संघर्ष और सामाजिक प्रतिनिधित्व के संतुलन के आधार पर तय किया जा सकता है।
किन नामों पर चल रही चर्चा?
सूत्रों के मुताबिक, India Bloc कई नामों पर विचार कर रहा है। इनमें इसरो के पूर्व वैज्ञानिक मैलस्वामी अन्नादुरई प्रमुख हैं, जिन्होंने चंद्रयान-1 परियोजना का नेतृत्व किया था। विपक्ष मानता है कि उनका नाम देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बन सकता है।
वहीं, महात्मा गांधी के परपोते और इतिहासकार तुषार गांधी का नाम भी चर्चा में है। उनका नाम सामने आने से यह चुनाव सीधे तौर पर वैचारिक संघर्ष की तस्वीर पेश कर सकता है, जिसमें विपक्ष गांधीवादी मूल्यों और विचारधारा को सामने रखना चाहता है।
इसके अलावा, डीएमके के वरिष्ठ सांसद तिरुचि सिवा भी दावेदारों की सूची में हैं। उन्हें दक्षिण भारत में मजबूत समर्थन और संसद में उनके लंबे अनुभव के चलते गंभीर विकल्प माना जा रहा है। साथ ही महाराष्ट्र से एक दलित बुद्धिजीवी का नाम भी विचाराधीन है, ताकि सामाजिक प्रतिनिधित्व को और व्यापक बनाया जा सके।
एनडीए का प्रत्याशी मैदान में
वहीं, एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन सोमवार को दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भाजपा नेताओं ने जोरदार तरीके से किया। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विपक्ष किस नाम को चुनौती के रूप में सामने लाता है।