Arvind Kejriwal : आम आदमी पार्टी (AAP) ने गोवा की सियासत को लेकर एक अहम घोषणा करते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि वह कांग्रेस के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी और कांग्रेस पर गंभीर आरोप भी लगाए।
केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस ने बार-बार गोवा की जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया, “कांग्रेस अपने विधायकों को थोक में भाजपा को बेचती है। 2017 से 2019 के बीच 13 विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए, और 2022 में भी 10 विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए। क्या कांग्रेस यह भरोसा दिला सकती है कि जीतने के बाद उनके विधायक BJP में नहीं जाएंगे?”
कांग्रेस-BJP को बताया एक ही सिक्के के दो पहलू
केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा को एक ही “सड़े-गले सिस्टम” का हिस्सा बताया और कहा कि अब इस व्यवस्था को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है। “आज पूरे गोवा पर कुछ गिने-चुने 13-14 परिवारों का कब्जा है। राज्य के संसाधनों पर सिर्फ गोवा की जनता का हक है, न कि इन राजनैतिक परिवारों का।”
यह भी पढ़ें : Bareilly bulldozer और बिजली छापे का डबल धमाका…
केजरीवाल ने गोवा के माएम विधानसभा क्षेत्र में AAP के नए स्थानीय कार्यालय का उद्घाटन करते हुए भाजपा पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी की गुंडागर्दी के बावजूद उनके कार्यकर्ता मैदान में डटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि जब AAP कार्यकर्ता सड़कों की मरम्मत को लेकर सिग्नेचर कैंपेन चला रहे थे, तो BJP समर्थकों ने उन पर हमला किया। “हम डरने वालों में से नहीं हैं। हमारे कार्यकर्ता अगले ही दिन और भी बड़ी संख्या में वापस पहुंचे और अभियान को सफल बनाया।”
“अब डर का नहीं, बदलाव का समय है” – केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि गोवा में बदलाव की हवा चल पड़ी है। “आज की जनसभा में जो भारी भीड़ उमड़ी है, वह इस बात का संकेत है कि गोवा अब बदलाव चाहता है। अब डर नहीं, न्याय होगा। AAP गोवा में बदलाव की आवाज़ बनेगी और अन्याय के खिलाफ मजबूती से लड़ेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि गोवा की जनता आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी इस डर को खत्म करने के लिए मैदान में उतर चुकी है।