Impact of War on Middle East Business: मिडिल ईस्ट में बढ़ते हमलों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। तेल ठिकानों और गैस प्लांट को निशाना बनाए जाने के बाद पूरे इलाके में व्यापार ठप पड़ता दिख रहा है। एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, जंग शुरू होने के 24 घंटे के अंदर ही कई बड़े ब्रांड्स और सर्विस सेक्टर पर भारी असर पड़ा है। संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन में हालात ज्यादा तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं। बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम हो गई है और कई जगहों पर दुकानें पूरी तरह बंद कर दी गई हैं।
अमेजन के सेंटर बंद
ई-कॉमर्स कंपनी Amazon ने अबू धाबी में अपने वेयरहाउस और कई सेंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। डिलीवरी सेवाएं रोक दी गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यूएई और बहरीन में अमेजन के डेटा सेंटर पर हमले के बाद उसकी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। सिर्फ यूएई ही नहीं, बल्कि सऊदी अरब और जॉर्डन में भी कर्मचारियों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। इससे ऑनलाइन ऑर्डर और सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ा है।
लग्जरी ब्रांड्स पर ताला
खाड़ी देशों में लग्जरी बाजार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। Chalhoub Group जो Versace, Jimmy Choo और Sephora जैसे ब्रांड चलाता है, उसने बहरीन में अपने स्टोर बंद कर दिए हैं। हालांकि यूएई, सऊदी अरब और जॉर्डन में कुछ दुकानें सीमित स्टाफ के साथ खुल रही हैं। कंपनी के अधिकारियों ने दुबई मॉल और मॉल ऑफ द एमिरेट्स का दौरा कर हालात का जायजा लिया है।
बड़ी कंपनियों के शेयर गिरे
Kering, जो Gucci की मालिक है, उसने यूएई, कुवैत, बहरीन और कतर में अपने स्टोर अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। इसी तरह LVMH, Hermes और Richemont के शेयरों में 4 से 5.7 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
दुबई में एप्पल स्टोर बंद
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, दुबई में Apple के स्टोर कुछ समय के लिए बंद रहेंगे। वहीं स्वीडिश फैशन रिटेलर H&M ने बहरीन और इजरायल में अपने स्टोर बंद कर दिए हैं।
कंज्यूमर गुड्स कंपनी Reckitt ने अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने को कहा है और बहरीन की फैक्ट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी है।
लोगों में डर का माहौल
दुबई समेत कई शहरों में लोग डरे हुए हैं। कई लोग जल्द से जल्द सुरक्षित जगह जाना चाहते हैं। हालांकि ईरान का कहना है कि उसके हमले सिर्फ अमेरिकी ठिकानों पर हैं, लेकिन आसमान में ड्रोन और मिसाइलें दिखने से आम जनता में चिंता बढ़ गई है।
हालात सामान्य दिखाने के लिए यूएई के राष्ट्रपति Mohamed bin Zayed Al Nahyan दुबई मॉल पहुंचे और वहां आम लोगों के बीच बैठकर खाना खाया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि स्थिति काबू में है।

