Husband Murdered In Wife Conspiracy:भागपुनास गांव के रहने वाले एहसान रजा अपने परिवार का भविष्य बेहतर बनाने के लिए शादी के सिर्फ तीन महीने बाद ही सऊदी अरब काम करने चले गए थे। वहां वह करीब डेढ़ साल तक मेहनत करते रहे और लगातार घर पैसे भेजते रहे।
5 मार्च को जब वह सऊदी अरब से अपने घर लौटे, तो परिवार में खुशी का माहौल था। काफी समय बाद बेटे के घर लौटने से घरवालों के चेहरे पर मुस्कान थी। उसी दिन शाम को रोजा खोलने यानी इफ्तारी की तैयारी भी चल रही थी। इसी बीच उनकी पत्नी शमरीन ताज ने फोन कर उन्हें अपने मायके दोहमोहनी गांव इफ्तारी के लिए बुला लिया। पत्नी की बात मानकर एहसान बाइक से ससुराल के लिए निकल पड़े, लेकिन वह वहां कभी नहीं पहुंच सके।
रास्ते में मिला युवक का शव
रात करीब आठ बजे तक जब एहसान का फोन नहीं लगा, तो परिवार के लोग परेशान हो गए। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद रौटा थाना क्षेत्र के मलहारा मदरसा के पास एक पुलिया के नीचे एहसान का शव मिला। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह सड़क दुर्घटना का मामला है। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, तो कई ऐसी बातें सामने आईं जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा।
पुलिस को हुआ हत्या का शक
पुलिस ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो वहां सड़क दुर्घटना के कोई साफ निशान नहीं मिले। एहसान के सिर के पीछे गहरा घाव था। आम तौर पर एक्सीडेंट में चोट शरीर के सामने वाले हिस्से में लगती है। इसी वजह से पुलिस को शक हुआ कि मामला साधारण दुर्घटना का नहीं है। इसके बाद पुलिस ने इस दिशा में जांच शुरू कर दी कि कहीं यह हत्या तो नहीं है।
पत्नी की गर्भावस्था से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने एहसान के पिता साबिर आलम से पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बहू शमरीन ताज और उसके चचेरे भाई सिराज अंजुम के बीच रिश्ते को लेकर उन्हें पहले से शक था।
इसके बाद पुलिस ने शमरीन को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई। शमरीन दो महीने की गर्भवती थी, जबकि उसका पति पिछले 18 महीनों से विदेश में था।
यहीं से पुलिस को पूरी कहानी समझ आने लगी।
अवैध संबंध और हत्या की साजिश
पुलिस की सख्त पूछताछ में शमरीन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका अपने चचेरे भाई सिराज अंजुम के साथ निकाह से पहले ही प्रेम संबंध था। पति के विदेश जाने के बाद दोनों फिर करीब आ गए।
कुछ समय बाद शमरीन गर्भवती हो गई। जब उसे पता चला कि उसका पति घर लौट रहा है, तो दोनों घबरा गए। इसके बाद उन्होंने एहसान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक शमरीन ने फोन कर एहसान को मायके बुलाया। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे सिराज ने उस पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को पुलिया के नीचे फेंककर इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी फरार
हत्या के बाद सिराज अपने घर गया और परिवार को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन मामला खुलने का डर होने पर वह पैसे और जरूरी सामान लेकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी शमरीन ताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी सिराज अंजुम की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।



