मध्य प्रदेश लीग (MPL) 2026 के नए सीजन का आगाज बुधवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में ग्वालियर चीता का सामना उज्जैन फाल्कन्स से होगा। पिछले सीजन में ग्वालियर चीता की टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी, लेकिन बेहद करीबी मुकाबले में फाइनल में जगह बनाने से चूक गई थी। ऐसे में इस बार टीम पूरे दमखम के साथ मैदान पर उतरने को तैयार है।
ग्वालियर चीता को उम्मीद है कि कप्तान रजत पाटीदार का अनुभव और नेतृत्व टीम को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। टीम प्रबंधन और प्रशंसकों की निगाहें भी पाटीदार पर टिकी हुई हैं, जिन्होंने हाल के वर्षों में अपने प्रदर्शन और कप्तानी से खास पहचान बनाई है।
पाटीदार पर रहेंगी सबसे ज्यादा नजरें
ग्वालियर चीता के लिए रजत पाटीदार का नाम सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। पहले सीजन में टीम की कमान वेंकटेश अय्यर के हाथों में थी, जबकि 2025 में पाटीदार ने कप्तानी संभाली थी। हालांकि दोनों सीजन में टीम खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी। अब MPL 2026 में पाटीदार के सामने टीम को चैंपियन बनाने की चुनौती होगी। हाल ही में उन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को खिताबी सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। पूरे सीजन में 500 से अधिक रन बनाकर उन्होंने बल्लेबाजी और नेतृत्व दोनों में अपनी क्षमता साबित की। इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद ग्वालियर चीता को भी है।
कोच आदित्य श्रीवास्तव का मिलेगा अनुभव
टीम के हेड कोच आदित्य श्रीवास्तव भी ग्वालियर चीता की बड़ी ताकत माने जा रहे हैं। आदित्य वही क्रिकेटर हैं जिनकी कप्तानी में मध्य प्रदेश ने वर्ष 2022 में 69 साल बाद रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था। क्रिकेट की गहरी समझ और खिलाड़ियों को प्रेरित करने की क्षमता के कारण आदित्य का मार्गदर्शन टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। टीम प्रबंधन को भरोसा है कि कोच और कप्तान की यह जोड़ी ग्वालियर चीता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
संतुलित स्क्वॉड के साथ उतरेगी टीम
ग्वालियर चीता इस बार अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बेहतरीन मिश्रण के साथ मैदान पर उतरेगी। टीम में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग मजबूत नजर आ रहे हैं। विशेष रूप से गेंदबाज मंगेश यादव पर सबकी नजरें रहेंगी। उन्होंने MPL 2025 में 14 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का रिकॉर्ड बनाया था। उनके अलावा कई युवा खिलाड़ी भी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।
ग्वालियर चीता का स्क्वॉड
आकाश सिंह रघुवंशी, अनिल मौर्य, अनुभव अग्रवाल, अर्पित पटेल, ईशान अफरीदी, कार्तिक परिहार, कुलदीप गेही, मंगेश यादव, पार्थ चौधरी, रजत पाटीदार, सौम्य कुमार पांडे, तुषार वर्मा, वंदित जोशी, वरुण शिंदे, वरुण तिवारी और विकास शर्मा टीम का हिस्सा हैं।




