Hapur News: हापुड़। श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह और अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी
जिलाधिकारी कविता मीना ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया जा चुका है। पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस और पीएसी बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
सफाई, स्वास्थ्य और बिजली पर विशेष ध्यान
नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत राज विभाग को कांवड़ मार्ग, शिविरों और घाटों पर नियमित सफाई, चूना छिड़काव, मोबाइल शौचालय और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर, आवश्यक दवाएं, एंटी-वेनम, एंटी-रेबीज और अन्य जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। बिजली विभाग को जर्जर और लटकते तारों को दुरुस्त करने तथा शिविरों में अस्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
होटलों की जांच और ट्रैफिक प्लान तैयार
खाद्य सुरक्षा विभाग होटल, ढाबों और खाद्य सामग्री विक्रेताओं की जांच करेगा। वहीं परिवहन और यातायात विभाग को भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू करने और कांवड़ियों के लिए अलग पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा के दौरान शिकायतों और समन्वय के लिए 24 घंटे संचालित एकीकृत कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।
श्रद्धालुओं से की गई अपील
प्रशासन ने कांवड़ियों और जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन करने, प्लास्टिक का उपयोग न करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।









