Arijit Singh Comeback: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह की आवाज एक बार फिर फिल्म ‘आवारापन 2’ के गाने ‘ये आवारापन’ में सुनाई दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की चर्चाएं तेज हो गईं। कई फैंस इसे उनका कमबैक मान रहे हैं।
मैनेजर ने अफवाहों पर लगाया विराम
हालांकि, अरिजीत सिंह के मैनेजर ने इन खबरों को लेकर स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने बताया कि अरिजीत फिलहाल प्लेबैक सिंगिंग में वापसी नहीं कर रहे हैं। उनके मुताबिक, ‘ये आवारापन’ समेत जो गाने रिलीज हो रहे हैं, वे उन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं जिन्हें अरिजीत ने पहले ही साइन कर रखा था। यानी यह कोई नया कमबैक नहीं, बल्कि पहले किए गए कमिटमेंट्स पूरे किए जा रहे हैं।
फैंस को पसंद आया ‘ये आवारापन’
इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ का पहला गाना दर्शकों पर ज्यादा असर नहीं छोड़ पाया था, लेकिन ‘ये आवारापन’ को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। अमाल मलिक के संगीत, रश्मि विराग के बोल और अरिजीत सिंह की भावनात्मक आवाज ने इस गाने को खास बना दिया है।
पहले भी दे चुके हैं कई सुपरहिट गाने
अरिजीत सिंह और विशेष भट्ट की जोड़ी पहले भी ‘आशिकी 2’, ‘हमारी अधूरी कहानी’, ‘सिटीलाइट्स’ और ‘जलेबी’ जैसी फिल्मों में कई सुपरहिट गाने दे चुकी है। यही वजह है कि ‘आवारापन 2’ का नया गाना भी दर्शकों को पुराने दौर की याद दिला रहा है।
14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ पहली बार दिशा पाटनी नजर आएंगी। इसके अलावा शबाना आजमी और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला सनी देओल की ‘बंटवारा: 1947’ से होगा।







