Weather Update:देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 25 जुलाई 2026 को उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी बढ़ गया है।
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम का मिजाज
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार को मौसम का रुख पूरी तरह बदल सकता है। मौसम विभाग ने राजधानी में बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। चांदनी चौक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली यूनिवर्सिटी, लोधी रोड, नरेला, पालम, सफदरजंग और प्रगति मैदान सहित कई इलाकों में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है। गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा बढ़ा
उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा सहित कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कों के बंद होने की आशंका बनी हुई है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले इन राज्यों में भी बारिश की संभावना श्रद्धालुओं को यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में रेड अलर्ट, अमरनाथ यात्रा प्रभावित
जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने जम्मू, राजौरी, पुंछ, डोडा, रामबन, रियासी, उधमपुर, किश्तवाड़, कठुआ, अनंतनाग, कुलगाम, बारामूला, कुपवाड़ा, श्रीनगर और गांदरबल सहित कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और नदी-नालों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि की आशंका है। खराब मौसम को देखते हुए अमरनाथ यात्रा भी अस्थायी रूप से रोक दी गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन भी राहत और बचाव दलों को सतर्क मोड पर रखे हुए है।





