Chamba Dalhousie Road Accident: तीन महीने के बीमार बच्चे का इलाज कराने के बाद परिवार खुशी-खुशी घर लौट रहा था। उन्हें उम्मीद थी कि अब बच्चे की तबीयत ठीक हो जाएगी और परिवार की परेशानियां धीरे-धीरे खत्म हो जाएंगी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। चंबा जिले के डलहौजी के बनीखेत में पठानकोट-चंबा हाईवे पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। देर शाम जब पांचों के शव घर पहुंचे तो गांव में मातम पसर गया और चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
मां से लिपटा मिला मासूम
हादसे का सबसे मार्मिक दृश्य उस समय सामने आया, जब राहत और बचाव टीम ने कार से शवों को बाहर निकाला। तीन महीने का मासूम अपनी मां के सीने से लिपटा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि कार करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी, लेकिन हादसे के दौरान मां ने अपने बच्चे को सीने से लगाए रखा। इस दर्दनाक हादसे में हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवान रिपन कुमार, उनके पिता वचन सिंह, पत्नी रिम्पी देवी, भतीजी कीर्ति और तीन महीने के बच्चे की मौत हो गई। सभी भरमौर क्षेत्र के गेहरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
पांच अर्थियां उठेंगी
इस हादसे ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार के लोग अपनों के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे और सुबह के नाश्ते तक की तैयारी मन में कर चुके थे। लेकिन घर की चौखट पर अपनों के कदमों की आहट आने से पहले ही ऐसी खबर पहुंची, जिसने सब कुछ उजाड़ दिया। जिस आंगन में परिवार के लोगों के स्वागत की तैयारी थी, वहीं अब एक साथ पांच अर्थियां उठने की स्थिति है। यह मंजर जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
कीर्ति का सपना अधूरा
हादसे में 23 वर्षीय कीर्ति की भी जान चली गई। बताया गया कि उनके पिता का करीब आठ साल पहले निधन हो चुका था और उनकी मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। परिवार में उनका एक छोटा भाई भी है। कीर्ति चंडीगढ़ में नौकरी करती थीं और छुट्टी लेकर घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि वह चंबा में होने वाले मिंजर मेले में भी शामिल होना चाहती थीं। उनका सपना वकील बनने का था, लेकिन इस हादसे ने उनके सारे सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया।
सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि
हादसे की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने दुख जताया। एक युवक ने लिखा कि कुछ लोग जिंदगी में थोड़े समय के लिए आते हैं, लेकिन अपनी यादें हमेशा के लिए छोड़ जाते हैं। उसने रिपन को अपना अच्छा मित्र बताते हुए लिखा कि उनसे होली पर मुलाकात हुई थी और उनके निधन की खबर पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है। वहीं एक अन्य यूजर ने रिपन के सरल स्वभाव, मुस्कान और लोगों के प्रति सम्मान को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। एनएसयूआई नेता तरुण ने भी कीर्ति के निधन पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया।
हादसे की जांच जारी
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार देर रात हुआ। परिवार अपने बीमार बच्चे को इलाज के लिए पठानकोट ले गया था और वापस लौटते समय कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए डलहौजी अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे की असली वजह जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी पांच लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया और जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
