UP Outsourcing Jobs 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश के सरकारी विभागों में 1 लाख नए आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती की योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही पहले से कार्यरत लाखों संविदा कर्मचारियों के वेतन में भी बढ़ोतरी की जा सकती है।
1 लाख नए कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी
सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, यूपी के अलग-अलग सरकारी विभागों में करीब 1 लाख नए आउटसोर्स कर्मचारियों को रोजगार देने की तैयारी है। इसका उद्देश्य विभागों में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना बताया जा रहा है।
हालांकि, भर्ती किन विभागों में होगी और पदों की संख्या का विभागवार ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।
2.75 लाख कर्मचारियों की बढ़ सकती है सैलरी
नई भर्तियों के साथ मौजूदा संविदा कर्मचारियों के वेतन में भी बड़ा बदलाव किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार, प्रदेश में पहले से काम कर रहे 2.75 लाख से अधिक संविदा कर्मचारियों की सैलरी में 8 हजार से 15 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
अगर यह फैसला लागू होता है तो बड़ी संख्या में कर्मचारियों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।
आने वाले महीनों में हो सकता है ऐलान
फिलहाल सरकार स्तर पर इस प्रस्ताव पर काम चलने की बात कही जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस संबंध में बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से भर्ती, वेतन वृद्धि या इसकी समयसीमा को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम निर्णय और विस्तृत जानकारी का इंतजार करना होगा।


