Mobile Recharge Tariff Hike: अगर आप हर महीने मोबाइल रिचार्ज कराते हैं, तो आने वाले समय में आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में मोबाइल टैरिफ प्लान्स की कीमत एक बार फिर बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि निजी टेलीकॉम कंपनियां अगले तीन से चार महीनों में रिचार्ज प्लान्स को 12 से 15 प्रतिशत तक महंगा कर सकती हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी कंपनी ने टैरिफ बढ़ाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
सीमित कंपनियों के हाथ में टेलीकॉम बाजार
यह अनुमान Centrum Institutional Research की Q1FY27 टेलीकॉम और इंटरनेट सेक्टर रिपोर्ट में लगाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टेलीकॉम बाजार अब कुछ प्रमुख कंपनियों तक सीमित है। निजी क्षेत्र में Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea प्रमुख हैं, जबकि सरकारी कंपनी BSNL भी बाजार में मौजूद है। ऐसे में टैरिफ बढ़ाने की संभावना को पहले के मुकाबले ज्यादा माना जा रहा है।
ARPU बढ़ने की भी उम्मीद
रिपोर्ट में जून तिमाही के दौरान कंपनियों की प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU में 1 से 1.5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। 2G ग्राहकों का तेजी से 4G और 5G पर जाना, पोस्टपेड यूजर्स की संख्या बढ़ना और तिमाही में अधिक दिनों का होना इसके प्रमुख कारण बताए गए हैं।
Jio और Airtel को नए ग्राहकों का फायदा
सब्सक्राइबर्स के मामले में Jio और Airtel को बढ़त मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, जून तिमाही में Jio करीब 70 लाख और Airtel लगभग 50 लाख नए ग्राहक जोड़ सकती है। Vodafone Idea के करीब 2 लाख नए यूजर्स जुड़ने का अनुमान है।
5G विस्तार पर कंपनियों का जोर
Jio और Airtel 90 प्रतिशत से अधिक जिलों में 5G सेवाएं पहुंचा चुकी हैं। दोनों कंपनियां अब 5G डिवाइस, Fixed Wireless Access और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड पर फोकस बढ़ा रही हैं। Vodafone Idea भी करीब 100 शहरों में 5G सेवा शुरू कर चुकी है। रिपोर्ट में कंपनी की AGR देनदारी की मौजूदा वैल्यू करीब 25,000 करोड़ रुपये बताई गई है।






