जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में ज्वेलरी शॉप से चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक लड़की सोने की अंगूठियां खरीदने के बहाने निवारू रोड स्थित भवानी ज्वेलर पहुंची। उसने दुकानदार से अलग-अलग डिजाइन की अंगूठियां दिखाने को कहा। ज्वेलर ने उसके सामने सोने की अंगूठियों से भरा एक बॉक्स रख दिया।
लड़की ने बॉक्स में से दो अंगूठियां पसंद कर लीं। इसके बाद उसने कहा कि वह पेमेंट के लिए अपने पिता से बात करेगी। इसी दौरान दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ गया। मौका मिलते ही लड़की ने पूरा बॉक्स उठाया और दुकान से बाहर भागने लगी।
बॉक्स में 25 अंगूठियां
लड़की जिस बॉक्स को लेकर भागी, उसमें कुल 25 सोने की अंगूठियां थीं। इनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। बॉक्स लेकर लड़की के बाहर निकलते ही ज्वेलरी शॉप के मालिक और कर्मचारियों को चोरी का पता चल गया।
उन्होंने तुरंत लड़की का पीछा शुरू कर दिया। दुकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद उसके पास मौजूद सोने की अंगूठियों वाला बॉक्स वापस ले लिया गया। कर्मचारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और लड़की को पुलिस के हवाले कर दिया।
CCTV में पूरी वारदात
यह घटना गुरुवार दोपहर जयपुर के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में लक्ष्मी नगर स्थित भवानी ज्वेलर पर हुई। दुकान में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में लड़की दुकान के अंदर बैठकर अंगूठियां देखते हुए दिखाई दे रही है।
इसके बाद वह अचानक सोने की अंगूठियों से भरा बॉक्स उठाकर दुकान से बाहर निकलती नजर आती है। बाहर निकलने के बाद वह तेज कदमों से भागती है, लेकिन दुकान मालिक और कर्मचारियों ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
साथी भागने में कामयाब
ज्वेलरी शॉप के मालिक त्रिलोकचंद प्रजापत के मुताबिक, लड़की ने पहले दो अंगूठियां पसंद की थीं और पेमेंट के लिए पिता को फोन करने की बात कही थी। बाद में पता चला कि वह किसी साथी के संपर्क में भी थी।
बताया जा रहा है कि लड़की अपने साथी के साथ वहां से निकलने की तैयारी में थी। हालांकि, दुकान से बॉक्स लेकर भागने के बाद वह करीब 100 मीटर में ही पकड़ ली गई। इस दौरान उसका साथी मौके से फरार हो गया। कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने लड़की को पहचानने से इनकार कर दिया।
पर्स में मिला मिर्च पाउडर
लड़की को पकड़ने के बाद ज्वेलरी शॉप के मालिक त्रिलोक चंद प्रजापत ने उससे पूछताछ की। उनके मुताबिक, लड़की रोने का नाटक करने लगी और कथित तौर पर कहा कि वह जेल जाना चाहती थी, इसलिए उसने यह वारदात की।
इसके बाद लड़की के पर्स की तलाशी ली गई तो उसमें लाल मिर्च पाउडर और जलन वाला स्प्रे मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने लड़की को हिरासत में ले लिया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही फरार साथी की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।






