Spontaneous Travel In India: भारतीयों के बीच यात्रा का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब छुट्टियों, त्योहारों या खास मौकों का इंतजार करने के बजाय लोग तनाव, मूड बदलने, घर की परेशानियों और छोटे-छोटे ब्रेक के लिए अचानक ट्रिप प्लान कर रहे हैं। Summer Travel Research 2026 में यह ट्रेंड सामने आया है।
अब बिना खास मौके के ट्रैवल का बढ़ा चलन
पहले यात्रा को अक्सर छुट्टियों, त्योहारों या शादी की सालगिरह जैसे खास मौकों से जोड़कर देखा जाता था। लेकिन अब भारतीय यात्रियों की प्राथमिकताएं बदल रही हैं। रोजमर्रा की जिंदगी से ब्रेक लेना, मूड बेहतर करना और खुद के लिए समय निकालना भी ट्रैवल प्लान करने की वजह बन रहा है।
Summer Travel Research 2026 के अनुसार, बड़ी संख्या में यात्री पहले से महीनों की प्लानिंग करने के बजाय अचानक यात्रा का फैसला ले रहे हैं।
एक हफ्ते में बुकिंग, 20% ने उसी दिन बनाया प्लान
रिसर्च के मुताबिक, 35% यात्रियों ने घूमने का विचार आने के एक सप्ताह के भीतर टिकट और होटल बुक कर लिए। वहीं 20% लोगों ने यात्रा का विचार आते ही उसी दिन बुकिंग कर दी।
इससे संकेत मिलता है कि यात्रियों के बीच Last-Minute और Spontaneous Travel का चलन बढ़ रहा है।
झगड़े से लेकर पड़ोसी के शोर तक बने यात्रा के बहाने
यात्रा के कारण भी काफी दिलचस्प सामने आए हैं। करीब 35% लोगों ने पार्टनर से विवाद या ब्रेकअप के बाद मूड बदलने के लिए ट्रिप प्लान की। वहीं 46% लोग घर में मरम्मत के काम या परेशान करने वाले पड़ोसियों से बचने के लिए यात्रा पर निकले।
करीब 50% लोगों ने सामाजिक आयोजनों से बचने के लिए यात्रा को एक बहाने के तौर पर इस्तेमाल किया। 28% ने ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों के लंबे प्रवास के दौरान बाहर जाने का फैसला किया, जबकि 30% ने घरेलू सहायिका या ड्राइवर की छुट्टी के चलते यात्रा को बेहतर विकल्प माना।
ट्रैवल को मान रहे हैं मानसिक ब्रेक
यात्रा अब सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रही। रिसर्च में 51% से ज्यादा लोगों ने मानसिक स्वास्थ्य के लिए ब्रेक लिया। वहीं 32% लोगों ने अचानक की गई यात्रा को महंगी थेरेपी की तुलना में ज्यादा प्रभावी और किफायती माना।
इसके अलावा 57% लोग खराब मौसम से राहत पाने के लिए निकले। 55% ने प्रीमियम सुविधाओं का अनुभव करने और 48% ने सोशल मीडिया के लिए नए फोटो और रील बैकड्रॉप तलाशने के लिए यात्रा की।
