Allu Arjun Raaka: अल्लू अर्जुन की अपकमिंग फिल्म ‘राका’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। निर्देशक एटली की इस साइंस-फिक्शन एक्शन ड्रामा फिल्म ने एक खास उपलब्धि हासिल की है। फिल्म ने रियल-टाइम मोशन कैप्चर के क्षेत्र में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के बाद फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
एक साथ 37 कलाकारों का मोशन कैप्चर
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। इसके मुताबिक, ‘राका’ ने रियल-टाइम में सबसे अधिक लोगों के मोशन कैप्चर का रिकॉर्ड बनाया है। इस दौरान एक साथ 37 कलाकारों का मोशन कैप्चर किया गया। इसके लिए अल्लू अर्जुन और एटली को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का सर्टिफिकेट भी सौंपा गया।
क्या है रियल-टाइम मोशन कैप्चर?
रियल-टाइम मोशन कैप्चर एक आधुनिक तकनीक है, जिसमें किसी व्यक्ति की शारीरिक गतिविधियों और हाव-भाव को लाइव डिजिटल 3D कैरेक्टर में ट्रांसफर किया जाता है। फिल्मों में इस तकनीक का इस्तेमाल जटिल और विजुअली शानदार दृश्यों को तैयार करने के लिए किया जाता है।
कई बड़े कलाकार फिल्म का हिस्सा
‘राका’ में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना, मृणाल ठाकुर, राम्या कृष्णन, जाह्नवी कपूर और योगी बाबू जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स के बैनर तले हो रहा है और एटली इसके निर्देशक हैं।
कब रिलीज होगी ‘राका’?
फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे अगले साल के अंत में सिनेमाघरों में रिलीज किया जा सकता है। हालांकि, अंतिम तारीख की पुष्टि मेकर्स की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी।








