Greater Noida Bus Fire: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग में 9 यात्रियों की मौत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मृतकों के परिवारों को PMNRF से मिलेगी मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 2 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया कि पीएम मोदी ने हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यमुना एक्सप्रेसवे पर आग का शिकार हुई बस
हादसा 23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे जेवर के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही स्लीपर बस में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास अचानक आग लग गई। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए गए थे।
ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
जेवर थाने में दर्ज FIR के मुताबिक कुछ यात्रियों को ड्राइवर के केबिन से जलने की गंध महसूस हुई थी। उन्होंने ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी जानकारी दी। FIR में आरोप है कि बस तुरंत नहीं रोकी गई और केबिन में धूम्रपान जारी रहा। इसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई और कई यात्री अंदर फंस गए।
पुलिस ने मामले में ड्राइवर और कंडक्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना की आगे जांच जारी है।
20-25 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
नोएडा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, चार दमकल गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग और दम घुटने के कारण 9 लोगों की मौत हुई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।








