Lucknow Diwali Market:दीपावली के त्योहार को देखते हुए लखनऊ के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। इस सप्ताह राजधानी के किसी भी बाजार में साप्ताहिक बंदी नहीं होगी। आलमबाग से पुराने लखनऊ तक गुरुवार को बंद रहने वाले बाजार भी खुलेंगे। वहीं बुधवार को साप्ताहिक बंदी वाले गोमती नगर के बाजारों में भी कारोबार जारी रहेगा। व्यापारियों ने त्योहार के मद्देनजर यह फैसला लिया है, ताकि खरीदारी के अहम सप्ताह में कारोबार प्रभावित न हो।
कारोबार के लिए अहम सप्ताह
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने बताया कि दीपावली व्यापारियों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है। इसके लिए व्यापारी पूरे साल इंतजार करते हैं। ऐसे में त्योहार से पहले का यह सप्ताह कारोबार के लिहाज से बेहद अहम है। बाजार बंद रहने से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी हो सकती है। इसी वजह से इस सप्ताह साप्ताहिक बंदी नहीं रखने का निर्णय लिया गया है।
बिजली आपूर्ति के विशेष इंतजाम
त्योहारी सीजन में बाजारों की रौनक बनाए रखने के लिए बिजली विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। मध्यांचल के प्रबंध निदेशक ने सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि बाजारों में सुबह 10 बजे से देर रात तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निर्देशों के मुताबिक, बिजली लाइनों या अन्य उपकरणों की मरम्मत का काम बाजार खुलने से पहले सुबह या फिर रात में बाजार बंद होने के बाद किया जाए। इससे खरीदारी के व्यस्त समय में बिजली कटौती से बचा जा सकेगा।
वहीं व्यापारिक संगठनों ने भी बिजली अभियंताओं से आग्रह किया है कि किसी तकनीकी खराबी या आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखी जाए, ताकि बाजारों में कारोबार प्रभावित न हो।
सफाई और सुरक्षा पर जोर
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में केवल बिजली ही नहीं, बल्कि नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बाजार खुलने से पहले सफाई व्यवस्था पूरी होनी चाहिए। खरीदारी के समय ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं। इससे व्यापारियों के साथ ग्राहकों में भी भरोसा बना रहेगा।
उन्होंने देर रात तक पुलिस गश्त जारी रखने पर जोर दिया, ताकि त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षा बनी रहे और लोग बिना किसी परेशानी के खरीदारी कर सकें।















