Child Mobile Addiction: उत्तर प्रदेश के उरई में मोबाइल फोन को लेकर भाई-बहन के बीच हुई मामूली कहासुनी ने दर्दनाक रूप ले लिया। बहन के हाथ से मोबाइल छिन जाने से नाराज सात साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चों की हंसी-खेल की आवाजें सुनाई दे रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। मासूम की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
कहां की है घटना
यह घटना कुठौंद थाना क्षेत्र के डगरू का पुरवा गांव की है। गांव में रहने वाले सोनू सिंह खेती करने के साथ मजदूरी भी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी संगीता, नौ साल की बेटी जानवी और सात साल का बेटा रितिक था। बुधवार सुबह दोनों भाई-बहन घर के एक कमरे में खेल रहे थे। इसी दौरान रितिक ने अपने पिता का मोबाइल फोन उठाया और उस पर वीडियो देखने लगा।
बहन ने छीना मोबाइल
कुछ देर बाद उसकी बड़ी बहन जानवी कमरे में पहुंची। उसने रितिक के हाथ से मोबाइल लिया और वहां से भाग गई। मोबाइल छिन जाने से रितिक नाराज हो गया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद जानवी वहां से चली गई और रितिक कमरे में ही रह गया।
कमरे में मिला मासूम
कुछ समय बाद रितिक ने घर में रखे गमछे से फंदा बना लिया और कमरे में तख्त के ऊपर लगी खूंटी से लटक गया। थोड़ी देर बाद जब जानवी दोबारा कमरे में पहुंची तो भाई को इस हालत में देखकर उसकी चीख निकल गई। उसकी आवाज सुनकर माता-पिता भी तुरंत कमरे में पहुंचे। उन्होंने बच्चे को नीचे उतारा और उसे अस्पताल लेकर भागे।
अस्पताल में घोषित मृत
परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां संगीता, पिता सोनू और बहन जानवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बच्चे की अचानक मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। पूरे इलाके में शोक का माहौल है। इस घटना ने परिवारों के बीच बच्चों की भावनाओं को समझने और मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत पर ध्यान खींचा है।























