उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बिगड़ने का असर हवाई सफर पर भी देखने को मिला। सोमवार सुबह कम दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण चार विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य के बजाय लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। इनमें वाराणसी जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानों के अलावा काठमांडो जा रही हिमालय एयरलाइंस और फ्लाई दुबई की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल थीं। महज 73 मिनट के भीतर चार विमानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। हालांकि, मौसम में सुधार होने के बाद सभी विमान अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
सुबह 7:05 बजे पहली फ्लाइट
सोमवार सुबह सबसे पहले दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6246 को लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान सुबह 7:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा।
इसके करीब 15 मिनट बाद बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की दूसरी उड़ान 6E-6558 भी लखनऊ पहुंच गई। वाराणसी में कम दृश्यता के कारण दोनों विमानों को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी थी।
चीन से आ रही फ्लाइट डायवर्ट
खराब मौसम का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा। चीन के हांगझोऊ से काठमांडो जा रही हिमालय एयरलाइंस की उड़ान संख्या H-9226 को भी लखनऊ भेजना पड़ा।
यह विमान सुबह 7:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। चीन से नेपाल जा रही इस उड़ान के डायवर्ट होने से यात्रियों को कुछ समय तक लखनऊ में रुकना पड़ा।
दुबई की फ्लाइट भी पहुंची
काठमांडो जाने वाली एक और अंतरराष्ट्रीय उड़ान को लखनऊ का रुख करना पड़ा। दुबई से काठमांडो जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान FZ-8399 सुबह 8:18 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी।
इस तरह सुबह 7:05 बजे से 8:18 बजे के बीच कुल चार विमानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। इनमें दो घरेलू और दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं।
मौसम सुधरा तो मिली उड़ान
चारों विमानों के लखनऊ पहुंचने के बाद मौसम की स्थिति पर नजर रखी गई। वाराणसी और काठमांडो में मौसम अनुकूल होने तथा दृश्यता में सुधार आने के बाद सभी विमानों को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।
इसके बाद चारों विमान अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस दौरान लखनऊ एयरपोर्ट ने खराब मौसम से प्रभावित उड़ानों के लिए वैकल्पिक लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराई।

























