Saurabh Tomar Baghpat News:उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर एक युवक ने देसी पिस्तौल से गोली चला दी। गोली पहले दीवार से टकराई और फिर 26 वर्षीय सौरभ तोमर के सिर में, कान के ठीक पीछे जा लगी। सौरभ भारतीय सेना में तैनात हैं और राष्ट्रपति अंगरक्षक रेजिमेंट का हिस्सा हैं।
छुट्टी पर गांव आए थे
पुलिस के मुताबिक, घटना रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खदाना गांव की है। सौरभ दिवाली मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। 8 नवंबर की रात वह अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान गांव के धीरज और उसके भाई मोनू उर्फ प्रवीण से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर धीरज ने देसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली दीवार से टकराकर वापस आई और सौरभ के सिर में जा लगी। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात से हुई थी, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
मेरठ में हुई सर्जरी
गोली लगने के बाद परिवार के लोग सौरभ को तुरंत बड़ौत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, परिजन उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली निकाल दी है। इसके बावजूद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
दो आरोपियों पर FIR
सौरभ के पिता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी ने पीटीआई को बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
कौन बनता हैं राष्ट्रपति का अंगरक्षक
प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड भारतीय सेना की सबसे पुरानी और वरिष्ठ घुड़सवार रेजिमेंट है। यह नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में तैनात रहती है। इसके जवान राष्ट्रपति के औपचारिक अंगरक्षक की जिम्मेदारी निभाते हैं। राजकीय समारोहों, विशेष कार्यक्रमों और अन्य आधिकारिक अवसरों पर भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जानकारी के मुताबिक, सौरभ वर्ष 2021 में इस रेजिमेंट में तैनात हुए थे। फिलहाल परिवार और स्थानीय लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं।






















