Lucknow JCB Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय महिला की जान चली गई। दुबग्गा थाना क्षेत्र में सड़क की खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिवार को समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
जेसीबी की चपेट में आई महिला
यह हादसा बुधवार दोपहर दुबग्गा इलाके में अंधे की चौकी के पास मल्टी केयर हॉस्पिटल के सामने हुआ। यहां सड़क की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान एक जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। काम के बीच जेसीबी चालक मशीन को पीछे की तरफ ले जा रहा था।
बताया गया कि इसी दौरान वहां मौजूद 60 वर्षीय महिला मशीन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी महिला के परिजनों को दी।
परिजनों ने मौके पर किया हंगामा
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। अपनों को खोने के गम और हादसे से नाराज परिजनों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
हंगामे की सूचना मिलने पर दुबग्गा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक बातचीत के बाद पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
दुबग्गा थाना प्रभारी श्रीकांत राय के मुताबिक, मृतका की पहचान 60 वर्षीय समीरा के रूप में हुई है। वह दुबग्गा इलाके में बेबी मार्टिन स्कूल के पास रहती थीं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जरूरी जानकारी जुटाई। इसके बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।























