UP News:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। पहला हादसा मलिहाबाद थाना क्षेत्र में हुआ, जहां दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में आठ साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दूसरी घटना बीबीडी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर हुई, जहां ट्रक और डंपर की टक्कर में ट्रक क्लीनर की मौत हो गई और चालक घायल हो गया।
शादी से लौटते समय हादसा
मलिहाबाद थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, ओमनी कार में सवार लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद रात में उन्नाव स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरवा गांव के पास उनकी कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ओमनी कार के चालक रामजी उर्फ अमित कुमार और आठ साल की बच्ची प्रिया की मौके पर ही मौत हो गई।
पांच लोग हुए घायल
दुर्घटना में दयावती, सरोज कुमारी, किशोरी दीपांशी और दो अन्य लोग आनंद व आशिक घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। वहीं, दूसरी कार होंडा सिटी का चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान और तलाश के लिए टीम लगाई गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
किसान पथ पर दूसरी टक्कर
दूसरा हादसा शनिवार सुबह बीबीडी थाना क्षेत्र में किसान पथ पर सलारगंज मोड़ के पास ओवरब्रिज के नजदीक हुआ। यहां ट्रक और डंपर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस्ती निवासी ट्रक क्लीनर खुर्शीद अहमद की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक जमालुद्दीन घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस दोनों हादसों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।























