भागदौड़ भरी जिंदगी और अनियमित खानपान के कारण कब्ज, बढ़ता वजन और हड्डियों की कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इनसे बचने के लिए खानपान में सुधार करना जरूरी है। पोषक तत्वों से भरपूर अंजीर ऐसा ही एक ड्राई फ्रूट है, जिसे पानी में भिगोकर खाने से कई फायदे मिल सकते हैं। इसमें फाइबर, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। कंसल्टेंट डायटीशियन और डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा के मुताबिक, अंजीर का सेवन पाचन और हड्डियों की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
डायबिटीज में रखें ध्यान
अंजीर में घुलनशील फाइबर पाया जाता है, जो शरीर में शुगर के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद कर सकता है। इससे ब्लड शुगर अचानक बढ़ने की आशंका कम हो सकती है। हालांकि, इसमें प्राकृतिक शुगर भी मौजूद होती है। इसलिए डायबिटीज के मरीज इसका सेवन सीमित मात्रा में करें। नियमित रूप से डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या डायटीशियन की सलाह लेना बेहतर है।
पाचन और दिल को फायदा
अंजीर में मौजूद फाइबर कब्ज की समस्या से राहत देने और मल त्याग को आसान बनाने में मदद करता है। जिन लोगों को पेट फूलने या अपच की परेशानी रहती है, वे इसे भिगोकर खा सकते हैं। इसके अलावा, इसमें मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है। इस तरह संतुलित डाइट में अंजीर शामिल करना दिल की सेहत के लिए भी उपयोगी हो सकता है।
वजन और हड्डियों का ख्याल
फाइबर से भरपूर अंजीर खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। इससे बार-बार भूख लगने और अनहेल्दी चीजें खाने की आदत को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। वहीं, इसमें मौजूद कैल्शियम हड्डियों को मजबूती देने में योगदान करता है। नियमित और संतुलित मात्रा में इसका सेवन हड्डियों के साथ शरीर को दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी देता है।
ऐसे बनाएं अंजीर पानी
डायटीशियन कनिका मल्होत्रा के मुताबिक, रात में 2-3 सूखे अंजीर एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें। सुबह इस पानी को पी लें और भीगे हुए अंजीर भी खा लें। इससे शरीर को फाइबर और अन्य पोषक तत्व मिलते हैं। हालांकि, खाली पेट इसका सेवन करना जरूरी नहीं है। इसे अपनी सुविधा और खानपान के अनुसार भी लिया जा सकता है।
इन लोगों को सावधानी जरूरी
डायबिटीज के मरीज अंजीर की मात्रा पर विशेष ध्यान दें। वहीं, वारफरिन जैसी ब्लड थिनर दवाएं लेने वाले लोगों को विटामिन K के सेवन में अचानक बदलाव नहीं करना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। कुछ लोगों को अंजीर से एलर्जी भी हो सकती है। खुजली या पाचन संबंधी परेशानी होने पर इसका सेवन बंद कर दें।

























