Sapna Choudhary Divorce: हरियाणवी डांसर सपना चौधरी अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। सपना ने पति वीर साहू से तलाक के लिए अर्जी दाखिल करने की बात कही है। दोनों की शादी साल 2020 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। NMF News को दिए इंटरव्यू में सपना ने अपने टूटते रिश्ते पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब सब कुछ अच्छा था, तब दोनों साथ थे, लेकिन अब परिस्थितियां ठीक नहीं हैं तो वे साथ नहीं हैं। सपना के मुताबिक, शादी दोनों के बीच का रिश्ता था और इस मामले में किसी तीसरे व्यक्ति को राय देने का अधिकार नहीं है।
बच्चों पर कही बड़ी बात
सपना ने अपने बच्चों को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दावा करते हैं कि उन्होंने अपने बच्चों को छोड़ दिया है, जबकि ऐसा कहना आसान है। सपना ने साफ किया कि उन्हें पता है कि अपने बच्चों की परवरिश कैसे करनी है। उन्होंने कहा कि लोगों को उनके काम के आधार पर उनका मूल्यांकन करना चाहिए, न कि निजी जिंदगी को लेकर उन्हें जज करना चाहिए।
रिश्तों में उलझ गईं सपना
इंटरव्यू में सपना ने अपने करियर और पारिवारिक जिंदगी के बीच संतुलन को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद उनकी शादी हो गई थी। उस समय वह काफी लोकप्रिय थीं। सपना के मुताबिक, उन्होंने अच्छी बहू, पत्नी और मां बनने की जिम्मेदारी निभाई, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उनकी पहचान सिर्फ किसी की पत्नी, मां या भाभी तक सीमित नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें खुद को और बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए था, लेकिन वह रिश्तों में उलझकर रह गईं।
दूसरी शादी पर क्या कहा?
दूसरी शादी के सवाल पर सपना चौधरी ने फिलहाल साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी से चलते-फिरते प्यार नहीं होता। वह भावनात्मक रूप से गहराई से जुड़ती हैं और दिल से प्यार करती हैं। सपना के मुताबिक, अगर भविष्य में उन्हें कोई ऐसा व्यक्ति मिलता है जो इस रिश्ते के लायक हो, तो वह इस बारे में सोच सकती हैं। हालांकि, फिलहाल उन्हें नहीं लगता कि वह दोबारा शादी करेंगी।






















