Delhi Pollution: दिल्ली में सर्दी बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। मंगलवार सुबह राजधानी के लोगों को एक बार फिर प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ा। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के रियल टाइम आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 दर्ज किया गया। इस दौरान PM2.5 हवा में सबसे प्रमुख प्रदूषक बना रहा।
राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच गया। वहीं, प्रदूषण के स्रोतों से जुड़े आंकड़ों में सामने आया है कि दिल्ली की हवा खराब होने के पीछे सिर्फ पराली जलाना जिम्मेदार नहीं है। स्थानीय परिवहन और आसपास के जिलों से आने वाला प्रदूषण भी बड़ी भूमिका निभा रहा है।
कई इलाकों में AQI 300 पार
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई। सिरी फोर्ट में AQI 333, इग्नू मैदानगढ़ी में 330 और नॉर्थ कैंपस में 322 रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा तालकटोरा गार्डन में AQI 319, CRRI मथुरा रोड में 311, बुराड़ी क्रॉसिंग में 305, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 302 और IIT दिल्ली में 300 दर्ज हुआ।
वहीं, अया नगर में AQI 280, मुंडका में 282, JNU में 284, बवाना में 258 और विवेक विहार में 245 रहा। इससे साफ है कि राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है।
पराली जलाने से सिर्फ 0.8% प्रदूषण
दिल्ली में प्रदूषण की चर्चा होते ही पराली जलाने का मुद्दा सामने आता है, लेकिन IITM के एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के 23 नवंबर के आंकड़े अलग तस्वीर दिखाते हैं।
सोर्स अपोर्शनमेंट डेटा के मुताबिक, दिल्ली में PM2.5 के दैनिक औसत स्तर में पराली जलाने का योगदान केवल 0.8 प्रतिशत रहा। वहीं, ‘अन्य’ श्रेणी का योगदान सबसे अधिक 32 प्रतिशत दर्ज किया गया।
दिल्ली के भीतर परिवहन से होने वाला उत्सर्जन 21.5 प्रतिशत रहा। इसके अलावा पड़ोसी जिलों से भी प्रदूषण राजधानी तक पहुंच रहा है। इसमें झज्जर का योगदान 10.2 प्रतिशत और रोहतक का 6.1 प्रतिशत बताया गया है।
GRAP-2 के तहत सख्ती जारी
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्ली-NCR में GRAP के दूसरे चरण यानी स्टेज-2 को लागू रखा है।
इसके तहत सड़कों की मशीनों से सफाई, धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। साथ ही लोगों को निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
CAQM के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों के उपायुक्तों तथा जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें सर्दियों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण के उपायों और डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान 2027 की प्रगति पर चर्चा हुई।
CAQM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि बैठक में प्रदूषण कम करने के लिए जिला स्तर पर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को उत्सर्जन घटाने के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
इससे पहले CAQM ने दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के प्रदूषण नियंत्रण प्रयासों की रैंकिंग शुरू की थी। अक्टूबर तक की प्रगति पर आधारित 2026 रिपोर्ट कार्ड में औद्योगिक निरीक्षण, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और प्रदूषण निगरानी व्यवस्था में कई कमियां सामने आई थीं।





















