Delhi Pollution:दिल्ली-NCR के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और उनके पैरेंट्स के लिए राहत की खबर है। प्रदूषण के कारण ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई के विकल्प के बीच उलझे बच्चों को अब नियमित रूप से स्कूल जाना होगा। ग्रैप स्टेज 3 की पाबंदियां हटने के बाद सामान्य कक्षाएं शुरू करने का फैसला लिया गया है। स्कूलों को हाइब्रिड मोड खत्म कर पहले की तरह फिजिकल क्लास चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
किन स्कूलों पर आदेश
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता में सुधार के बाद ग्रैप स्टेज 3 की पाबंदियां हटा दी हैं। इसके बाद गौतम बुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों को सामान्य कक्षाएं शुरू करने का निर्देश दिया है। यह व्यवस्था सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर लागू होगी। दिल्ली में शिक्षा निदेशालय ने भी 17 नवंबर को सर्कुलर जारी कर स्कूलों को तत्काल प्रभाव से ऑफलाइन कक्षाएं चलाने को कहा है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
क्यों लागू हुआ था प्रतिबंध
दिवाली के आसपास दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया था। इसके बाद CAQM ने 6 नवंबर को ग्रैप स्टेज 3 लागू किया था। बच्चों को प्रदूषण से बचाने के लिए 7 नवंबर से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने का निर्देश दिया गया था। इस व्यवस्था में बच्चों को ऑनलाइन या स्कूल जाकर पढ़ने का विकल्प मिला था। अब प्रतिबंध हटने के बाद सामान्य ऑफलाइन पढ़ाई शुरू होगी।
प्रदूषण से सावधानी जरूरी
ग्रैप स्टेज 3 हटने का मतलब यह नहीं है कि प्रदूषण से जुड़ी सभी पाबंदियां खत्म हो गई हैं। ग्रैप स्टेज 1 और 2 के नियम अभी लागू हैं। 18 नवंबर को दिल्ली का AQI 214 दर्ज किया गया था। ऐसे में पैरेंट्स को बच्चों की सेहत का ध्यान रखना चाहिए। खांसी, सांस लेने में परेशानी या आंखों में जलन होने पर डॉक्टर से सलाह लें। स्कूल भेजने से पहले उनकी आधिकारिक वेबसाइट, नोटिस बोर्ड और ट्रांसपोर्ट से जुड़े नए निर्देश भी जरूर जांच लें।























