Chapped Lips: डॉ. के अनुसार, ठंड, कम नमी और सूखी हवा त्वचा से नमी कम कर देती है। होंठों पर प्रोटेक्टिव लेयर पतली होती है और ऑयल ग्लैंड्स नहीं होतीं, जिससे नमी जल्दी खत्म हो जाती है। कई कारणों से यह समस्या बढ़ती है—बार-बार जीभ फेरना, एसी वाले कमरों में ज्यादा समय बिताना, पर्याप्त पानी न पीना और ठंडी हवाओं के संपर्क में आना। 2020 की एक स्टडी के अनुसार, ठंडी व सूखी हवा होठों की नाजुक त्वचा की नमी खींच लेती है और सुरक्षा परत को कमजोर कर देती है। होंठ चाटने, लार के पाचक एंजाइमों, नाक बंद होने पर मुंह से सांस लेने और सूखी त्वचा छीलने से जलन व फटने की समस्या और बढ़ जाती है।
क्या करें बचाव के लिए?
होठों को फटने से बचाने के लिए उन्हें पूरे दिन मॉइस्चराइज रखें। ऐसा लिप बाम इस्तेमाल करें जिसमें पेट्रोलियम जेली, शिया बटर या सेरामाइड्स हों। घर से बाहर निकलने से पहले, कुछ खाने के बाद और सोने से पहले लिप बाम लगाएं। दिन के समय SPF 30 या उससे ज्यादा वाला लिप बाम चुनें, क्योंकि सर्दियों में भी सूरज की रोशनी होठों को नुकसान पहुंचा सकती है। होठों पर जीभ फेरने, उन्हें काटने या सूखी त्वचा छीलने से बचें, क्योंकि इससे जलन हो सकती है और खून भी निकल सकता है।
इन 5 बातों का रखें ध्यान
पहला—होठों को मॉइस्चराइज रखें। दूसरा—जीभ फेरने से बचें। तीसरा—पर्याप्त पानी पिएं और हेल्दी डाइट लें। चौथा—तेज खुशबू, मेन्थॉल, कपूर या जलन पैदा करने वाले लिप प्रोडक्ट्स से बचें, खासकर सेंसिटिव त्वचा में। पांचवां—अगर होंठ पहले से फटे हैं तो स्क्रब या एक्सफोलिएटिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करें। इसके बजाय नियमित मॉइस्चराइजर लगाकर त्वचा को नेचुरल रूप से ठीक होने दें।
डॉक्टर से कब सलाह लें?
डॉ. सुनील कुमार के अनुसार, अगर सही देखभाल के बाद भी होंठ सूखे रहते हैं या सूजन, लगातार रेडनेस, दर्द या खून आने जैसी समस्या होती है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें। कभी-कभी होठों का लगातार फटे रहना एलर्जी, इंफेक्शन या त्वचा से जुड़ी अन्य समस्याओं का संकेत हो सकता है, जिनके लिए मेडिकल इलाज की जरूरत होती है। सही देखभाल से सर्दियों में भी होंठ मुलायम और स्वस्थ रह सकते हैं।

















