ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह कल्पना कर सकते हैं कि चीन हुआंग से कहता, ‘क्या आप चीन आना चाहेंगे?’ अगर हुआंग कंपनी के बोर्ड से बहुत नाराज होते या उनके साथ बुरा व्यवहार किया जाता तो वह ऐसा फैसला ले सकते थे। ट्रंप ने कहा, ‘जेनसन अगली ही फ्लाइट से चीन जा सकते थे। मैं गारंटी देता हूं कि वहां उन्हें वह सब कुछ दिया जाता, जो वह चाहते।’ बता दें कि इस्तीफे के 11 दिन बाद हुआंग को दोबारा CEO बनाया गया है।
Nvidia अमेरिका के लिए इतनी अहम क्यों?
Nvidia कभी गेमिंग कंप्यूटरों के लिए चिप बनाती थी, लेकिन आज दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी कंपनियों में शामिल है। इसके अत्याधुनिक चिप का इस्तेमाल पश्चिमी देशों की कई बड़ी AI कंपनियां करती हैं। इन चिप का इस्तेमाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल को प्रशिक्षित करने और उन्हें चलाने में होता है। आसान भाषा में समझें तो AI की दुनिया में Nvidia के चिप बेहद महत्वपूर्ण हैं। यही वजह है कि कंपनी की तकनीकी बढ़त को अमेरिका और चीन के बीच AI की प्रतिस्पर्धा से जोड़कर देखा जाता है।
हुआंग की पृष्ठभूमि और विवाद
ट्रंप ने हुआंग की तारीफ करते हुए उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया। ताइवान में जन्मे हुआंग के बारे में उन्होंने कहा कि ‘उनके भीतर थोड़ा चीनी खून है।’ हुआंग की निजी जिंदगी और चीन से कथित कारोबारी संबंधों को लेकर भी विवाद सामने आए हैं। उन्होंने एलिस हुआंग नाम की महिला के साथ अपने संबंधों की बात स्वीकार की थी। एलिस का संबंध सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड से बताया जाता है। आरोप है कि इस कंपनी के जरिए Nvidia के एडवांस चिप चीन तक पहुंचाए गए। अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने मेगास्पीड को प्रतिबंधित कंपनियों की सूची में शामिल कर लिया है।
कांग्रेस और डेमोक्रेट्स ने क्यों घेरा?
अमेरिकी सीनेट की खुफिया समिति के रिपब्लिकन अध्यक्ष टॉम कॉटन ने कहा है कि कांग्रेस इस मामले की गहराई से जांच करेगी। सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने कहा है कि उनकी पार्टी ट्रंप प्रशासन, जेनसन हुआंग और Nvidia के अन्य अधिकारियों की भूमिका की पूरी जांच करेगी। शूमर ने आरोप लगाया कि ट्रंप राष्ट्रीय सुरक्षा से पहले अपने वित्तीय हितों और अरबपति सहयोगियों की जरूरतों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस पूरे विवाद से साफ है कि AI की दुनिया में चिप अब सिर्फ तकनीक या कारोबार का हिस्सा नहीं रह गए हैं, बल्कि अमेरिका और चीन के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा का अहम हथियार बन चुके हैं।






















