Site icon News1India

CM गहलोत की तबीयत नासाज होने के बावजूद, महंगाई के खिलाफ विरोध-प्रदर्शनों में हुए शामील

जयपुर। देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में भी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जंतर- मंतर और प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शन किया जा रहा है। विरोध- प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शुक्रवार सुबह जयपुर से दिल्ली पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह आठ बजे जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे हैं। उन्होंने इसी के चलते उदयपुर, सिरोही और अहमदाबाद के कार्यक्रम भी निरस्त किए हैं। बावजूद इसके मुख्यमंत्री गहलोत दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रधानमंत्री आवास और जंतर मंतर पर महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रखा गया है लेकिन दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है। जंतर-मंतर को छोड़कर तमाम इलाकों में धारा 144 लागू की गई है। साथ ही निर्देश भी दिए गए कि अगर कोई भी धारा 144 का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। बावजूद इसके, कांग्रेस प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने पर अड़ी हुई है। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पर भी पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त किया गया है।

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली गए हैं। मुख्यमंत्री गहलोत का रविवार शाम जयपुर लौटने का कार्यक्रम है। तीन दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात भी करेंगे और ईडी की कार्रवाई से निपटने की रणनीति पर मंथन करेंगे। दो माह में सीएम गहलोत का यह पांचवा दिल्ली दौरा है। इससे पहले जून में राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के चलते सीएम गहलोत लगातार एक सप्ताह तक दिल्ली में मौजूद रहे थे और उसके बाद भी सीएम दिल्ली गए थे। जुलाई में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के चलते भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दिल्ली पहुंचे थे। अब महंगाई के खिलाफ होने वाले विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए सीएम गहलोत तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं।

Exit mobile version