Site icon News1India

Flood: पहाड़ से मैदान तक आसमानी आफत से लोग परेशान, एमपी, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का कहर जारी

Heavy Rainfall In India: देशभर के कई प्रदेशों में भारी बारिश और बाढ़ लोगों के लिए आपदा बन गई है. बारिश और जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर थोड़ा नीचे आ गया है और लोगों को उनके इलाकों में वापस भेजने का फैसला किया गया है.

इस बीच, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश ने कहर बरपाया है. पहाड़ों पर तेज बारिश हो रही है, जिससे हिमाचल प्रदेश के मनाली में बरसाती नदियां उफान पर आ गई हैं. इस बीच मनाली में पुल के किनारे दो लोगों के बहने की खबर है. मध्य प्रदेश में छतरपुर से लेकर राजगढ़ तक बारिश ने कहर बरपा रखा है.

एमपी के कई जिलों में बाढ़ का कहर

मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है. बाढ़ को देखते हुए रायसेन में आज स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. नदियां उफान पर हैं और बारिश से राजगढ़ के नरहिंसपुर व जैनपुरा कला तक हर गली, मोहल्ले और बाजार में जलजमाव हो गया. पहाड़ी पर स्थित छोटा महादेव मंदिर परिसर में पानी के तेज बहाव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु फंस गए. हालांकि लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया. पुलिसकर्मियों की मदद से बाढ़ में घिरे 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

ओडिशा में भी आफत की बारिश

यही हाल ओडिशा में भी है, बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. सड़क पर करीब तीन से चार फीट पानी भरा हुआ है. स्थिति ऐसी है यहां एक मंदिर का पूरा परिसर पानी में डूबा नजर आया. एक भारी ट्रक पानी में पलट गया और पानी में तैरता नजर आया. बारिश के कारण आसपास के लोगों के घरों में पानी घुस गया. वहां के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. ओडिशा के कई राज्यों में हालात बद से बदतर होते दिख रहे हैं.

राजस्थान में भी कई जगह बढ़ी दिक्कतें

राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश से लोगों की मुसीबत बन गई है. राजस्थान के बूंदी में बारिश से सड़कें पानी में डूब गईं है. यहां स्थिति ऐसी है कि पानी के तेज बहाव के कारण एक व्यक्ति अचानक पानी में बहने लगा. राहत की बात यह रही कि एक शख्स ने फुर्ती दिखाकर उसे पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली. सड़क किनारे की दुकानों में पानी घुस गया, इसलिए ज्यादातर लोग अपनी दुकानें बंद कर अपने घरों को चले गए. बूंदी के नागड़ी बाजार में जगह-जगह पानी देखा गया.

जम्मू-कश्मीर में बारिश ने कहर जारी

जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है, कठुआ इलाके में उज्ज नदी में आई बाढ़ में दो लोग फंस गए थे, जिन्हें बचाने के लिए वायुसेना की मदद ली गई थी. उज्ज नदी के किनारे बने लोगों के घर पानी में डूब गए जिससे वहां मौजूद जानवर पानी में बहने लगे. बताया जा रहा है कि अबतक आधा दर्जन घर पानी में बह चुके हैं. इस बीच, लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिल रही है. फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है, जिससे लोगों में काफी गुस्सा है.

ये भी पढ़ें – पति ने 17 साल से बसा रखी थी दूसरी फैमली, शादी के 25 साल बाद चौंका देने वाला खुलासा

Exit mobile version