Bihar Election : बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, राज्य की सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। चाहे महागठबंधन हो या एनडीए, दोनों ही खेमों में राजनीतिक माहौल बेहद गर्म है। जहां एनडीए ने अपनी सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है, वहीं महागठबंधन की ओर से अभी अंतिम फैसला बाकी है। इसी बीच चुनावी पिच पर एक नई एंट्री की खबर सुर्खियों में है — भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह अब राजनीति में उतरने जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, ज्योति सिंह ने काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। बताया जा रहा है कि वे बीते कुछ समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय स्तर पर समर्थन जुटाने में लगी हुई हैं। कुछ दिन पहले ज्योति सिंह ने जन सुराज आंदोलन के प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद यह अटकलें तेज़ हो गई थीं कि वह जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि इस पर जन सुराज की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया।
पहले से चल रहा जनसंपर्क अभियान
ज्योति सिंह पिछले कुछ महीनों से लगातार खबरों में बनी हुई हैं — कभी अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर, तो कभी अपने जनसंपर्क अभियानों के चलते। उन्होंने काराकाट के साथ-साथ नबीनगर और डेहरी जैसे इलाकों में भी लोगों से मुलाकात कर जनसमर्थन जुटाने की कोशिश की है। माना जा रहा है कि वह इस क्षेत्र में पहले से ही राजनीतिक ज़मीन मजबूत करने में जुटी हुई हैं।
यह भी पढ़ें : अलीगढ़ में नई नवेली 12 दुल्हनों का हैरतअंगेज कारनामा, दूल्हों के साथ खेला कर लूट ले…
दो चरणों में होगा बिहार चुनाव
चुनाव आयोग ने इस बार बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराने का ऐलान किया है। पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि बिहार की इस चुनावी जंग में ज्योति सिंह की एंट्री क्या नया समीकरण बनाती है और क्या वे राजनीति में अपनी नई पारी को सफल शुरुआत दिला पाती हैं।