लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। ’बिहार’ और ’बाहुबली’ दो ऐसे शब्द हैं, जिन्हें राजनीति में एक-दूसरे का पर्याय माना जाता है। बिहार में कई बाहुबलियों ने राजनीति में अपनी धमक दिखाई है। कई अभी भी सक्रिय हैं। मोहम्मद शहाबुद्दीन, आनंद मोहन से रीत लाल यादव तक इस सूची में शामिल हैं। इस सूची में एक बड़ा नाम अनंत कुमार सिंह का भी है, जिन्हें बिहार की राजनीति में ’छोटे सरकार’ के नाम से जाना जाता है। फिलहाल बिहार के छोटे सरकार मुसीबत में हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच उन्हें पुलिस ने अरेस्ट कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। नीतीश कुमार के सबसे करीब बाहुबली नेता पर संगीन आरोप लगे हैं। अनंत सिंह पर दुलारचंद यादव की कत्ल का आरोप है। ऐसे में पूरे बिहार में इसवक्त सिर्फ अनंत कुमार की अनंतकथा की चर्चा हो रही है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब आनंत सिंह के पक्ष में बीजेपी-जेडीयू के नेता भी खुलकर बैटिंग कर रहे हैं। बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने छोटे सरकार को निर्दोष बताते हुए जीत की बड़ी भविष्यवाणी कर दी है।
हां बिहार चुनाव में अपने पूरे सवाब पर है। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी। 4 नवंबर की शाम पहले चरण का चुनाव प्रचार थम जाएगा। जिसके कारण राजनीतिक दल के नेता एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। एनडीए की तरफ से पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा बीजेपी के छोटे से लेकर बड़ा नेता बिहार की धरती पर ढेरा जमाए हुए है। यूपी के दबदबे वाले नेता जी यानि बृजभूषण शरण सिंह भी ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। नेता जी अपने खुद के हेलीकॉप्टर के जरिए एनडीए उम्मीदवारों की जीत पक्की करने के लिए पसीना बहा रहे हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने अपने बिहार दौरे के दौरान कई सनसनीखेज बयान दिए। उन्होंने राहुल गांधी को बीजेपी का स्टार प्रचारक बताया। बृजभूषण शरण सिंह बाहुबली अनंत सिंह को लेकर भी गरजे। उन्होंने कहा कि मोकामा में हुई घटना में अनंत सिंह का हाथ नहीं है। जिस वक्त घटना हुई, उस समय वह अपनी 50 से अधिक कारों के काफिले के साथ घटनास्थल से कई किमी दूर थे।
बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा, मैं अनंत सिंह के बारे में जानता हूं। वह कभी भी ऐसा कृत्य नहीं कर और न ही करवा सकते। उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया गया है। कुछ नेताओं ने उन्हें प्लान के तहत फंसाया है। उन्हें चुनाव से दूर रखने के लिए जेल भिजवाया गया है। मैं मोकामा को भलीभांति जानता हूं। मोकामा की जनता अनंत सिंह को प्यार करती है। इसबार अनंत सिंह रिकार्ड वोटों से चुनाव जीतेंगे। बृजभूषण शरण सिंह ने ये भी दावा किया, पुलिस ने उन पर केस दर्ज किया है। विवेचना जारी है। पुलिस की विवेचना में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। साजिश करने वालों के चेहरे से नकाब उतरेगा। अनंत सिंह जेल से एकदिन जरूर बाहर आएंगे। अनंत सिंह के अलावा बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह राहुल गांधी और तेजस्वी को लेकर भी बोले। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैं कईबार कह चुका हूं कि राहुल गांधी बीजेपी के स्टार प्रचारक हैं। वह जब-जब बोलते हैं, तब-तब बीजेपी को फाएदा होता है।
तेजस्वी को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उनका भी कुछ नहीं होने वाला। बिहार में एनडीए की बहार है। बिहार में फिर से परिवर्तन होगा। ये परिवर्तन जीत के आंकड़े का होगा। 2025 के चुनाव में एनडीए पूराने सारे रिकार्ड तोड़ देगा। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं के पास न मिशन है और विजन। बिहार की जनता सबकुछ जानती हैं। बिहार में जगल राज भूले बिसरे गीत बन चुका है। अब जंगलराज वालों को भी बिहार की जनता भूल चुकी है। ऐसे में अबकी बार फिर एनडीए सरकार बनने जा रही है। एनडीए जीत के पुराने सारे रिकार्ड तोड़ देगी। इसबार बिहार की जनता नया रिकार्ड बनाने जा रही है। बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि जहां-जहां हम जनसभाएं कर रहे हैं, वहां-वहां जनता का जनसैलाब उमड़ रहा है, जो जीत का बड़ा इशारा है।
बता दें, बिहार पुलिस ने अनंत सिंह को शनिवार देर रात को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें पटना स्थित बेऊर जेल भेजा गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 30 अक्टूबर को प्रचार के दौरान आमने-सामने आने पर दुलारचंद यादव और अनंत सिंह के समर्थकों में झड़प हो गई थी। यादव जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे थे। उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हृदय और फेफड़ों को चोट पहुंचने के कारण उनकी हृदय गति रुक गई, जिससे यादव की मौत हो गई। अनंत सिंह को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने 80 से ज्यादा लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है।
मोकामा सीट पर अनंत सिंह का मुकाबला आरजेडी उम्मीदवार वीना देवी से है। वीना देवी पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी हैं। दोनों प्रभावशाली भूमिहार समुदाय से आते हैं। दोनों के आमने-सामने होने से ये चुनाव धनबल और बाहुबल का बन गया है। इस सीट पर लंबे समय से अनंत सिंह का दबदबा रहा है। वो 2005 से लगातार यहां से जीते हैं। 2022 में हुए उपचुनाव में ये सीट आरजेडी के पास चली गई। जेडीयू की उम्मीदवार सूरजभान सिंह भी बाहुबली हैं। एक वक्त सूरजभान की यूपी से लेकर बिहार में तूती बोला करती थी। यूपी का डॉन श्रीप्रकाश शुक्ला सूरजभान सिंह का शूटर हुआ करता था।
