Bihar Welder Bishweshwari Kumar: अच्छी अंग्रेजी बोलने के लिए बड़े स्कूलों में पढ़ना जरूरी नहीं है। बिहार के वेल्डर बिंदेश्वरी कुमार ने अपनी काबिलियत से इस सोच को गलत साबित किया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वे विदेशी इंटरव्यूअर के सामने आत्मविश्वास के साथ फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते नजर आ रहे हैं।
14 साल का अनुभव
इंटरव्यू में बिंदेश्वरी ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं और पिछले 14 साल से MIG वेल्डर का काम कर रहे हैं। इनमें सात साल भारत और सात साल UAE में काम करने का अनुभव शामिल है।
उन्होंने बताया कि उन्हें वेल्डिंग की सभी पोजिशन, टेक्निकल ड्राइंग, फैब्रिकेशन और ISO तथा AWS जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों की अच्छी जानकारी है।
सेना के वाहन बनाए
इंटरव्यूअर ने जब पूछा कि क्या वे UAE में पाइप वेल्डिंग करते थे, तो बिंदेश्वरी ने बताया कि उनका काम सेना के लिए बख्तरबंद गाड़ियां (Armored Vehicles) तैयार करना था। इस क्षेत्र में भी उन्हें पांच साल का अनुभव है।
उनकी बात सुनकर इंटरव्यूअर काफी प्रभावित हुआ। उसने उनके अनुभव और अंग्रेजी की तारीफ करते हुए कहा कि वे इंटरव्यू में पास हो गए हैं।
यूरोप में मिली नौकरी
बिंदेश्वरी का चयन अब यूरोप में नौकरी के लिए हो गया है। यह उनके परिवार के लिए गर्व का पल है। हालांकि, उनकी सफलता भारतीय उद्योगों में कुशल कामगारों को मिलने वाले वेतन और सम्मान पर सवाल भी खड़े करती है। आखिर हुनरमंद लोगों को बेहतर कमाई के लिए विदेश क्यों जाना पड़ता है?
सोशल मीडिया पर चर्चा
वीडियो पर Kiran Kumar Mattey ने लिखा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए डिग्री से ज्यादा हुनर जरूरी है। Nikhilam ने कहा कि भारत में कुशल मजदूरों को उचित वेतन नहीं मिलता और फिर कामगारों की कमी की शिकायत की जाती है।
वहीं, Smita Kumar और Epic Quest News ने युवाओं को कम्युनिकेशन स्किल सुधारकर विदेशों में अवसर तलाशने की सलाह दी। CEO of Lying Down ने यूरोप में रहने के खर्च पर चिंता जताई, जबकि कुछ यूजर्स ने PUBG की गाड़ियों से जोड़कर मजाक भी किया।














